Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने, कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने और आने वाले समय में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद से कई डिफेंस शेयरों में 17 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई
- इस तेजी का असर निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स पर भी देखने को मिला
Defence Stock: शेयर बाजार में आज शुक्रवार को डिफेंस सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने, कंपनियों को नए ऑर्डर मिलने और आने वाले समय में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद से कई डिफेंस शेयरों में 17 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। इस तेजी का असर निफ्टी इंडिया डिफेंस इंडेक्स पर भी देखने को मिला। इंडेक्स करीब 4 फीसदी चढ़ गया और लगातार तीसरे कारोबारी सेशन में बढ़त के साथ बंद होने की ओर बढ़ा। पिछले तीन सेशंस में इसमें 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आ चुकी है। इस दौरान इंडेक्स में शामिल सभी 22 कंपनियों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) के शेयर करीब 2 फीसदी चढ़े। खास बात यह रही कि BEL निफ्टी 50 इंडेक्स का सबसे बड़ा गेनर बनकर उभरा। BEML डिफेंस इंडेक्स का सबसे बड़ा गेनर रहा।
BEML के शेयरों में 17% की तेजी
शुक्रवार को BEML के शेयर करीब 17 फीसदी उछलकर 2,378 रुपये तक पहुंच गए। यह शेयर का 52 हफ्तों का नया हाई है। चॉइस ब्रोकिंग के VP और टेक्निकल रिसर्च एक्सपर्ट सचिन गुप्ता के मुताबिक, BEML के शेयरों में यह तेजी कई महीनों से बने प्राइस पैटर्न को तोड़ने के बाद आई है। शेयर ने मजबूत वॉल्यूम के साथ तेजी का ब्रेकआउट दिया है। कारोबार के दौरान करीब 71.3 लाख शेयरों की ट्रेडिंग हुई, जो निवेशकों की मजबूत खरीदारी को दिखाता है। उनके मुताबिक, शेयर अपने सभी बड़े मूविंग एवरेज से ऊपर कारोबार कर रहा है। सचिन गुप्ता के अनुसार, BEML के लिए 2,235 रुपये पर पहला सपोर्ट है, जबकि 2,100 रुपये बड़ा सपोर्ट लेवल है। वहीं, तेजी जारी रहने पर शेयर 2,500 रुपये और फिर 2,600 रुपये तक पहुंच सकता है।
डिफेंस बजट बढ़ने की उम्मीद से मिला सपोर्ट
डिफेंस शेयरों में तेजी की एक बड़ी वजह रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का हालिया बयान भी है। उन्होंने कहा है कि रक्षा मंत्रालय FY28 के लिए डिफेंस कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी डिफेंस सेक्टर में कैपिटल एक्सपेंडिचर को 20 फीसदी तक बढ़ाने की मांग कर रहा है। इसके अलावा, एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) प्रोजेक्ट के विजेता का ऐलान करीब एक महीने में होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट के लिए तीन निजी क्षेत्र के समूह मैदान में हैं। इनमें एलएंडटी-बीईएल-बीडीएल, भारत फोर्ज-बीईएमएल-डेटा पैटर्न्स और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स शामिल हैं।
सोलर इंडस्ट्रीज के शेयर भी चढ़े
सोलर इंडस्ट्रीज (Solar Industries) के शेयरों में भी 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी रही। कंपनी की सब्सिडियरी सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम ‘भार्गवास्त्र’ के इन-हाउस डेवलपमेंट ट्रायल पूरे कर लिए हैं। यह सिस्टम दुश्मन के ड्रोन झुंड यानी स्वार्म ड्रोन को रोकने के लिए बनाया गया है। इसमें 64 ट्यूब वाला एयर डिफेंस रॉकेट लॉन्चर और 64 माइक्रो-मिसाइल लॉन्चर शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इस सिस्टम के फील्ड ट्रायल इसी कैलेंडर ईयर में पूरे करने की योजना है। इसके बाद इसका कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू किया जाएगा।
HAL को ब्रोकरेज का सपोर्ट
पारस डिफेंस, भारत डायनेमिक्स (बीडीएल) और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) के शेयरों में भी 3 से 6 फीसदी तक की तेजी आई। HAL के शेयरों को ब्रोकरेज फर्म एलारा कैपिटल की रिपोर्ट से सपोर्ट मिला। ब्रोकरेज ने शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 6,000 रुपये से बढ़ाकर 6,270 रुपये कर दिया है। वहीं, ओमनीटेक इंजीनियरिंग के शेयर करीब 5 फीसदी चढ़ गए। कंपनी को ब्रह्मोस एयरोस्पेस से मेटल एयरफ्रेम कंपोनेंट्स और कैनिस्टर सिस्टम के असेंबली व सब-असेंबली बनाने का डेवलपमेंट ऑर्डर मिला है।
चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के डिफेंस एनालिस्ट पुट्टा रवि कुमार के मुताबिक, डिफेंस शेयरों में मौजूदा तेजी पिछले कुछ महीनों की गिरावट के बाद आई रिकवरी है। सरकार का बढ़ता डिफेंस बजट, स्वदेशी हथियारों को बढ़ावा, आयात पर निर्भरता कम करने की कोशिश और एक्सपोर्ट के बढ़ते मौके इस सेक्टर के लिए अच्छे संकेत हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




