Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/08/07/1200x900/vijay-sangeetha-divorce-jpg_1786098666828_1786098679154_4f8e4bf9-f60d-43cd-b600-c125fb1e23ed.jpgसंगीता ने अपनी पहले दायर की गई याचिका में पति विजय पर एक्ट्रेस के साथ विवाहेतर संबंध होने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना, उपेक्षा और अलगाव का सामना करना पड़ा।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की पत्नी संगीता ने तलाक की याचिका वापस ले ली है। इस तरह यह केस ही खत्म हो गया है। संगीता ने शुक्रवार को चेंगलपट्टू के पास फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की याचिका वापस ले ली। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत के समक्ष पेश हुईं। सुनवाई के दौरान उन्होंने अपनी याचिका पर आगे कार्यवाही नहीं करने के कारण बताए। इसके बाद कोर्ट ने उनकी याचिका को वापस लिया हुआ मानते हुए मामले का निपटारा कर दिया। यह जानकारी अदालत के आधिकारिक सूत्रों ने दी है।
संगीता ने अपनी पहले दायर की गई याचिका में पति विजय पर एक्ट्रेस के साथ विवाहेतर संबंध होने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना, उपेक्षा और अलगाव का सामना करना पड़ा। याचिका में उन्होंने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो संबंधित अभिनेत्री को मामले में दूसरी प्रतिवादी के तौर पर शामिल किया जा सकता है। संगीता ने विशेष विवाह अधिनियम, 1954 के तहत तलाक की मांग करते हुए कहा था कि उनका वैवाहिक संबंध पूरी तरह टूट चुका है और अब उसे दोबारा बहाल करने की कोई संभावना नहीं है।
पहली याचिका में क्या लगाए गए आरोप
याचिका के अनुसार, साल 2021 से विजय भावनात्मक रूप से उनसे दूर हो गए थे और उनके साथ मौखिक रूप से अपमानजनक बर्ताव किया। संगीता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें वैवाहिक घर में रहते हुए भी अलग-थलग रहने के लिए मजबूर किया गया। याचिका में बताया गया था कि संगीता और विजय का विवाह पहली बार 10 जुलाई 1998 को ब्रिटेन में रजिस्टर्ड हुआ था। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक विवाह समारोह आयोजित किया गया।
विजय-संगीता की मुलाकात और शादी
संगीता मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल परिवार से ताल्लुक रखती हैं और शादी से पहले विजय की प्रशंसक थीं। दोनों की मुलाकात के बाद रिश्ता आगे बढ़ा और बात शादी तक जा पहुंची। विवाह के बाद संगीता कई वर्षों तक विजय के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आती रहीं और उनके पारिवारिक जीवन में भी अहम भूमिका निभाती रहीं। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। उनके बेटे का नाम जेसन संजय और बेटी का नाम दिव्या साशा है। जेसन संजय फिल्म प्रोडक्शन में रुचि रखते हैं, जबकि दिव्या साशा भी कुछ मौकों पर अपने पिता के साथ नजर आ चुकी हैं।
करीब 27 साल की शादी के बाद विजय और संगीता के रिश्ते में दूरी की खबरें सामने आने लगीं। साल 2026 में संगीता की ओर से चेंगलपट्टू की फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर किए जाने की खबर सामने आई। याचिका में वैवाहिक जीवन से जुड़े कई आरोप और अलग रहने से संबंधित दावे किए गए थे। हालांकि, इन आरोपों पर विजय की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। मामले की सुनवाई कई बार टली और अदालत ने दोनों पक्षों की मौजूदगी से जुड़े निर्देश भी दिए। इस दौरान विजय अपने राजनीतिक करियर में तेजी से आगे बढ़े और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए। इस दौरान उनके पारिवारिक रिश्ते को लेकर चर्चा होती रही।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




