Source :- LIVE HINDUSTAN
Google एक नए वॉयस-एक्टिवेटेड इमरजेंसी SOS फीचर पर काम कर रहा है। इससे तीन बार ‘Help’ बोलने पर ही मुसीबत में आप तक मदद पहुंच जाएगी। यह खास फीचर बोलनेभर से एक्टिवेट हो जाएगा और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट तक मदद के लिए अलर्ट पहुंचा देगा।
SOS एक्टिवेट होने पर यह रियल-टाइम लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी वीडियो रिकॉर्डिंग और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को कॉल करने जैसे फंक्शन शुरू कर देगा।
मुसीबत में लोगों तक तुरंत मदद पहुंच सके, इसके लिए गूगल एक नए सेफ्टी फीचर पर काम कर रहा है। यह नया फीचर बोलनेभर से काम करेगा और एक्टिवेट होते ही तुरंत इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स तक अलर्ट पहुंचा देगा। यह फीचर खासतौर से ऐसे समय में काम आएगा, जब यूजर खुद किसी को फोन करके मदद मांगने की स्थिति में न हो, या फिर बटन दबाकर फोन के SOS फीचर को एक्टिवेट करने की कंडीशन में न हो। खबर है कि Google अपने ‘पर्सनल सेफ्टी’ ऐप के लिए एक नए वॉयस-एक्टिवेटेड इमरजेंसी SOS फीचर पर काम कर रहा है, जिसे हाल ही में ऐप कोड में देखा गया है। इसके अलावा, एक सेटअप एनिमेशन से यह भी पता चला है कि यूजर्स बिना अपने स्मार्टफोन को छुए इसे कैसे एक्टिवेट कर सकेंगे। यह मुसीबत में फंसने पर काम आएगा, खासतौर से तब जब फोन आपके हाथों में न हो। कैसे काम करेगा गूगल का यह नया फीचर, चलिए सामने आई डिटेल्स से जानते हैं…
Google का वॉयस-एक्टिवेटेड इमरजेंसी SOS फीचर, पर्सनल सेफ़्टी ऐप के कोड में देखा गया
एंड्रॉयड हेडलाइन्स ने ‘पर्सनल सेफ्टी ऐप’ के कोड (बिल्ड वर्जन 2026.09.16.982745548) में एक नया वॉयस-एक्टिवेटेड इमरजेंसी SOS फीचर देखा है। सेटअप एनिमेशन से पता चलता है कि इस फीचर की मदद से यूजर्स तीन बार “Help” बोलकर मदद मांग सकेंगे। लेकिन इसमें एक और स्टेप भी है: कोड स्ट्रिंग्स के अनुसार, इसके लिए बोलकर कन्फर्मेशन (verbal confirmation) की भी जरूरत होगी; अगर यूजर “Yes” कहता है, तो SOS भेजा जाएगा और “Cancel” कहने पर यह रुक जाएगा।
लोकेशन शेयर और वीडियो रिकर्डिंग भी करेगा
इसके फीचर्स की बात करें तो, SOS एक्टिवेट होने पर यह रियल-टाइम लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी वीडियो रिकॉर्डिंग और फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को कॉल करने जैसे फंक्शन शुरू कर देगा। ध्यान दें कि मौजूदा इमरजेंसी SOS फीचर को पावर बटन को पांच बार दबाकर एक्टिवेट किया जा सकता है, जबकि वॉयस कमांड इसे एक्टिवेट करने का एक अतिरिक्त तरीका हो सकता है।
सबसे पहले पिक्सेल फोन यूजर्स को मिल सकता है नया फीचर
इस फीचर की उपलब्धता की बात करें तो, यह सबसे पहले Pixel स्मार्टफोन यूजर्स के लिए आ सकता है और बाद में अन्य Android डिवाइस के लिए भी उपलब्ध हो सकता है। हालांकि, Samsung स्मार्टफोन पर इसके आने के बारे में अभी कुछ साफ नहीं है, क्योंकि यह ब्रांड पहले से ही अपने इन-बिल्ट SOS फीचर देता है। हालांकि यह नया फीचर लेटेस्ट कोड स्ट्रिंग में मिला है, लेकिन फिलहाल इसके लॉन्च की पुष्टि नहीं हुई है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



