Home rss world hindi तुर्किये में हुआ दर्दनाक हादसा, स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट से 16...

तुर्किये में हुआ दर्दनाक हादसा, स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट से 16 लोगों की मौत, 13 लोग घायल भी हुए

4
0

Source :- INDIATV NEWS

तुर्की में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देश के इजमिर प्रांत में स्थित एक स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट के कारण आग लगने से 16 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इस दुखद हादसे की जानकारी देते हुए कहा कि हादसे में 13 अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है। तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगन ने कैबिनेट की बैठक के बाद टीवी पर जनता को संबोधित किया और इस हादसे के बार में जानकारी दी है।

राष्ट्रपति एर्दोगन ने क्या कहा?

सामने आई जानकारी के अनुसार, ये पूरा हादसा इजमिर प्रांत के अलीआगा में स्थित हाबास स्टील प्लांट में हुआ। प्लांट में भीषण विस्फोट हो गया और उसके बाद आग लग गई जिसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई। तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन इस हादसे को लेकर लापरवाही की जांच करवाने की बात कही है। एर्दोगन ने कहा- ”विस्फोट की घटना की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, जिसने हमारे देश को गहरा दुख पहुंचाया है। साथ ही, यह भी पता लगाया जाएगा कि इसमें किसकी लापरवाही थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।” आपको बता दें कि बीते मार्च महीने में इस्तांबुल के फातिह जिले में प्राकृतिक गैस विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट के कारण दो इमारतें ढह गईं थी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए थे। इस्तांबुल के फातिह जिले को भवन सुरक्षा के मामले में शहर के सबसे जोखिम भरे जिलों में से एक माना जाता है।

कैसे हुआ ब्लास्ट?

हाबास स्टील प्लांट में सोमवार को हुए इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए प्रांत के गवर्नर ने बताया है कि स्टील प्लांट में बॉयलर बदलने के दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई थी। इसी कारण मौके पर ब्लास्ट हो गया। गवर्नर सुलेमान एल्बान ने जानकारी दी है कि बॉयलर बदलने के कारण उत्पादन बंद था, इसलिए घटनास्थल के आसपास आमतौर पर 300 कर्मचारियों के बजाय 200 कर्मचारी ही मौजूद थे। कंपनी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, हाबास प्लांट की स्थापना साल 1987 में की गई थी। इस प्लांट की स्टील प्रोडक्शन की क्षमता सालाना 45 लाख टन की है। (इनपुट: एपी)

ये भी पढ़ें- प्री-वेडिंग शूट में गुब्बारे के साथ उड़ने लगी दुल्हन, तेज हवा के झोंके ने चुटकियों में उतारा भूत; फोटाग्राफर्स ने दौड़कर बचाया

तुर्की के तट पर मिला 4700 साल पुराना डूबा हुआ जहाज़, लदे थे मिट्टी के बर्तन, सामने आई चौंकाने वाली बात

SOURCE : INDIATV NEWS