Source :- LIVE HINDUSTAN
तुर्की के इजमिर प्रांत में एक स्टील प्लांट में अचानक तेज विस्फोट होने के बाद कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रपति एर्दोगन ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
तुर्की के एक स्टील प्लांट में विस्फोट होने के बाद कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक अचानक विस्फोट के बाद प्लांट में आग लग गई और हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तब तक काफी नुकसान हो चुका था। प्लांट के अंदर करीब 50 लोग फंसे हुए थे। इनमें से 33 को सुरक्षित निकाल लिया गया जबकि 17 की जान चली गई। 13 लोग घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
राष्ट्रपति एर्दोगन बोले, जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। टीवी पर संबोधन के दौरान एर्दोगन ने बताया कि इजमिर प्रांत के अलीआगा के हबास स्टील संयंत्र में आग लगी है। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के पीछे जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा उसपर कड़ी कार्रवाई होगी।
प्रांत के गवर्नर सुलेमान एल्बान के मुताबिक प्लांट में बॉयलर बदला जा रहा था। इसी दौरान क्रेन भट्ठी में ही गिर गई। इसी वजह से जोरदार विस्फोट हुआ। उस दौरान पूरी फैक्ट्री में 300 लोग थे। बता दें कि यह प्लांट लगभग 40 साल पुराना है। इसकी उत्पानद क्षमता हर साल 45 लाख टन तक है। इस हादसे के बाद स्टील प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
तुर्की में शुरू हुआ सीओपी31 सम्मेलन
बता दें कि एक दिन पहले ही तुर्की के अंताल्या में सीओपी31 जलवायु सम्मेलन भी शुरू हुआ है। नौ से 20 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में दुनिया भर के नेता, मंत्री, वार्ताकार, वैज्ञानिक और नागरिक समाज के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में उत्सर्जन में कटौती, जलवायु अनुकूलन और वित्तपोषण जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। तुर्की सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन एवं ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन वार्ताओं का नेतृत्व करेंगे। विश्व नेताओं का शिखर सम्मेलन 11 और 12 नवंबर को निर्धारित है।
वर्ष 2035 के लिए प्रस्तावित लक्ष्यों में वैश्विक अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी बढ़ाकर 35 प्रतिशत करना, इमारतों में ऊर्जा खपत की तीव्रता में कम से कम 25 प्रतिशत की कटौती और वैश्विक स्तर पर चक्रीय सामग्री के उपयोग की दर को कम से कम 15 प्रतिशत तक पहुंचाना शामिल है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




