Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- टाटा पावर का शेयर अपने 52 हफ्ते के लो के करीब 344 रुपये पर है
- एंबिट कैपिटल का अनुमान है कि यह शेयर 420 रुपये के स्तर तक जाएगा
- ब्रोकरेज एलारा सिक्योरिटीज का अनुमान है कि यह शेयर 485 रुपये तक जा सकता है
Tata power share price: अगर पोर्टफोलियो में टाटा की कंपनी टाटा पावर के शेयर हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, टाटा पावर के शेयर को लेकर दो ब्रोकरेज बुलिश हैं। इन दोनों ने शेयर के लिए जो टारगेट प्राइस दिया है वो 400 रुपये से ज्यादा का है। ये टारगेट प्राइस ऐसे समय में दिया गया है जब कंपनी के मैनेजमेंट में एक बड़े बदलाव का ऐलान हुआ। इसके अलावा, कंपनी ने अपने तिमाही नतीजे भी घोषित किए।
टाटा पावर के शेयर की कीमत
टाटा पावर का शेयर अपने 52 हफ्ते के लो के करीब 344 रुपये पर है। हालांकि, ब्रोकरेज एलारा सिक्योरिटीज का अनुमान है कि यह शेयर 485 रुपये तक जा सकता है। इसके अलावा, एंबिट कैपिटल का अनुमान है कि यह शेयर 420 रुपये के स्तर तक जाएगा। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का हाई 464 रुपये है। यह भाव इसी साल अप्रैल के महीने में रहा था। इसके बाद शेयर बिकवाली मोड में है।
टाटा पावर के नए सीईओ नियुक्त
हाल ही में टाटा समूह की एनर्जी कंपनी टाटा पावर ने संजय बंगा को अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया है। वह 1 मई 2027 से सीईओ का पदभार संभालेंगे। टाटा पावर ने बताया कि बंगा का कार्यकाल पांच साल का होगा। वह 30 अप्रैल 2032 तक पद पर रहेंगे। वह प्रवीर सिन्हा का स्थान लेंगे, जो कंपनी के मौजूदा सीईओ एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) हैं। बंगा इस समय टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड के सीईओ और एमडी हैं। वह टाटा पावर डेल्ही डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड के सीईओ भी रहे हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी में प्रशिक्षु अभियंता के तौर पर करियर की शुरुआत करने वाले बंगा टाटा पावर के अलावा रिलायंस एनर्जी में भी काम कर चुके हैं। वह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कुरुक्षेत्र के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।
कैसे रहे दूसरी तिमाही के नतीजे?
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में टाटा पावर का सालाना आधार पर मुनाफा 33 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 1,652 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,245 करोड़ रुपये रहा था। टाटा पावर ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में उसका मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़कर 3053 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2508 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में उसका राजस्व 26 प्रतिशत बढ़कर 19,886 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 15,769 करोड़ रुपये था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




