Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- राधाकिशन दमानी के मालिकाना हक वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर सोमवार को BSE में 5% से ज्यादा टूटकर 3601.65 रुपये पर पहुंच गए हैं
- दूसरी तिमाही के बिजनेस अपडेट के बाद कंपनी के शेयरों में यह गिरावट आई है, एवेन्यू सुपरमार्ट्स रिटेल चेन डीमार्ट ऑपरेट करती है
दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी के मालिकाना हक वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर सोमवार को बाजार खुलते ही बिखर गए हैं। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर सोमवार को BSE में 5 पर्सेंट से अधिक की गिरावट के साथ 3601.65 रुपये पर पहुंच गए हैं। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू में अच्छी रिकवरी के बाद भी कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स, रिटेल चेन डीमार्ट (D-Mart) ऑपरेट करती है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है और इसके शेयर 5723 रुपये तक जा सकते हैं।
19206 करोड़ रुपये रहा कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू
एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) का स्टैंडअलोन रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 19,206 करोड़ रुपये रहा है। सालाना आधार पर कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 18.4 पर्सेंट बढ़ा है। पहली तिमाही में एवेन्यू सुपरमार्ट्स की रेवेन्यू ग्रोथ 15.1 पर्सेंट और वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 19 पर्सेंट रही। कंपनी ने दूसरी तिमाही के दौरान 15 नए स्टोर्स जोड़े। एक साल पहले की समान अवधि में एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने 8 स्टोर्स ऐड किए थे। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के आखिर में कंपनी के स्टोर्स की कुल संख्या 518 पहुंच गई है। सालाना आधार पर स्टोर नेटवर्क करीब 20 पर्सेंट बढ़ा है।
CLSA ने दिया है 5723 रुपये का टारगेट
ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए (CLSA) ने एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों पर हाई कन्विशन आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है। ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के शेयरों के लिए 5723 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन (Bernstein) ने राधाकिशन दमानी के मालिकाना हक वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है और कंपनी के शेयरों के लिए 5000 रुपये का टारगेट दिया है। रिटेल चेन डीमार्ट चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स का कवरेज करने वाले 32 एनालिस्ट्स में से 10 ने कंपनी के शेयरों को बाय रेटिंग दी है। वहीं, 13 एक्सपर्ट्स ने होल्ड रेटिंग दी है, जबकि 9 एनालिस्ट्स ने कंपनी के शेयर बेचने को कहा है। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।
6 महीने में 20% से ज्यादा लुढ़क गए हैं एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर
राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) के शेयर पिछले कुछ समय से दबाव में हैं। कंपनी के शेयर पिछले 6 महीने में 20 पर्सेंट से अधिक टूट गए हैं। कंपनी के शेयर 6 अप्रैल 2026 को 4551.35 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 5 अक्टूबर 2026 को 3601.65 रुपये पर पहुंच गए हैं। अगर पिछले एक साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 16 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 4642 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 3528.65 रुपये है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




