Home Latest news ताज़ा खबर दलाई लामा का बदला ठिकाना, लुटियंस दिल्ली में मिला सरकारी बंगला

दलाई लामा का बदला ठिकाना, लुटियंस दिल्ली में मिला सरकारी बंगला

3
0

Source :- Khabar Indiatv

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है। सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यह आवंटन किया गया है। हालांकि, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर मिला बंगला

सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने दलाई लामा के कार्यालय ‘गादेन फोडरंग ट्रस्ट’ को यह सरकारी बंगला आवंटित किया है। इसके लिए विदेश मंत्रालय ने अनुरोध किया था। बंगला लुटियंस दिल्ली के प्रमुख इलाके में स्थित है।

आमतौर पर तीन साल के लिए मिलता है सरकारी आवास

इस तरह के सरकारी आवास का आवंटन आमतौर पर तीन साल के लिए किया जाता है। जरूरत पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाने का भी प्रावधान है। हालांकि, दलाई लामा को आवंटित बंगले की अवधि को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट?

गादेन फोडरंग ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था है। इसकी वेबसाइट के मुताबिक, यह ट्रस्ट उनके आध्यात्मिक और मानवीय कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। इसका उद्देश्य दलाई लामा की संस्था और उनके विचारों का संरक्षण और प्रचार करना है।

ट्रस्ट इन उद्देश्यों के लिए भी करता है काम

गादेन फोडरंग ट्रस्ट कई सामाजिक और सांस्कृतिक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी मदद करता है। इनमें मानव मूल्यों को बढ़ावा देना, अलग-अलग धर्मों के बीच सद्भाव कायम करना और तिब्बती संस्कृति व पहचान को सुरक्षित रखना शामिल है। इसके अलावा ट्रस्ट पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान को बेहतर तरीके से समझने के प्रयासों में भी सहयोग करता है।

बता दें कि 1959 में जब चीन ने तिब्बत पर कब्जा कर लिया और तिब्बती विद्रोह को कुचलना शुरू किया, तब दलाई लामा अपनी जान बचाने और तिब्बती संस्कृति को जीवित रखने के लिए हिमालय के बर्फीले रास्तों से होते हुए भारत आ गए थे, जहां उन्हें शरण मिली। तब से लेकर आज तक वे भारत के हिमाचल प्रदेश स्थित धर्मशाला (मैक्लॉडगंज) में रहते हैं, जिसे ‘छोटा ल्हासा’ भी कहा जाता है, और आधिकारिक कामकाज के लिए नई दिल्ली में भी उनका कार्यालय है। अहिंसा और विश्व शांति के लिए उन्हें 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार मिला, और 2011 में अपनी राजनीतिक शक्तियां तिब्बत की निर्वासित सरकार को सौंपने के बाद अब वे पूरी तरह एक आध्यात्मिक गुरु के रूप में दुनिया को करुणा और भाईचारे का संदेश देते हैं।

ये भी पढ़ें-

कार्तिगई दीपम विवाद पर विजय सरकार को BJP की चेतावनी, BL संतोष बोले- सभ्यतागत और कानूनी लड़ाई तय!

दक्षिण भारत में बारिश, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड! जानें दिल्ली-UP समेत अन्य राज्यों के मौसम का हाल

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS