Source :- INDIATV NEWS

दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों ने अब जोर पकड़ लिया है और मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में तेजी से कमी आई है और पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। अब केवल सुबह और देर शाम ही नहीं बल्कि दिन के समय भी लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। बदलते मौसम के बीच सुबह के वक्त सड़कों पर हल्की धुंध भी दिखने लगी है, जिससे लोगों ने अब गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।
गिरता पारा, कोहरे का असर और हवा का हाल
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में एनसीआर के लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। 27 नवंबर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम पारे में भी गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे दिन की गर्मी भी कम होगी और ठंड भी बढ़ेगी। शहर की आबोहवा की बात करें तो फिलहाल हवा की गुणवत्ता ऑरेंज जोन में बनी हुई है, यानी प्रदूषण का स्तर मध्यम से खराब श्रेणी में है, जिससे लोगों को सांस लेने में थोड़ी परेशानी हो सकती है।
27 नवंबर से 2 दिसंबर तक कैसा रहेगा मौसम
- 27 नवंबर: आसमान में हल्का कोहरा रह सकता है; अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- 28 नवंबर: मध्यम कोहरा छाने और तापमान में मामूली गिरावट के साथ अधिकतम 25 डिग्री व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिरने की संभावना है।
- 29 नवंबर: मध्यम कोहरे का असर बना रहेगा, जबकि तापमान अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
- 30 नवंबर: महीने के आखिरी दिन मध्यम कोहरे के बीच तापमान में और कमी आ सकती है; अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
- 1 दिसंबर: दिसंबर की शुरुआत मध्यम कोहरे के साथ होगी और पारा अधिकतम 23 डिग्री से न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
- 2 दिसंबर: हल्का कोहरा रहेगा लेकिन ठंड बरकरार रहेगी और तापमान अधिकतम 23 डिग्री व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
(IANS रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
SOURCE : INDIATV NEWS




