Home LIFESTYLE NEWS HINDI दिल्ली-NCR की जहरीली हवा में प्रेग्नेंट महिलाएं कैसे रखें अपना ख्याल? डॉक्टर...

दिल्ली-NCR की जहरीली हवा में प्रेग्नेंट महिलाएं कैसे रखें अपना ख्याल? डॉक्टर से जानें बचाव के 5 तरीके

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दिल्ली-NCR एक्यूआई 400 से पार हो चुका है, जो लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक है। खासतौर पर प्रेग्नेंट महिलाओं को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना है और अपने रूटीन में कुछ बदलाव भी करने होंगे।

दिल्ली में प्रदूषण चरम सीमा है और AQI 400 से पार हो चुका है और ऐसे में खुद को सुरक्षित रखना हर किसी के लिए थोड़ा चुनौती भरा है। खासतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए हवा जहर बन चुकी है। प्रेग्नेंट महिलाओं को जहरीली हवा से सबसे ज्यादा खतरा है, इससे ना सिर्फ उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा बल्कि होने वाले बच्चे की सेहत के लिए भी ये खतरनाक है। ऐसे में प्रेग्नेंट लेडीज को कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए, जिससे कुछ हद तक बचाव किया जा सके। नोएडा की गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर रौनक खंडेलवाल ने कुछ बातें बताई हैं, जिससे गर्भवती महिलाएं अपना बचाव कर सकती हैं।

क्या कहती है रिपोर्ट

विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, जहरीली हवा के संपर्क में रहने से गर्भावस्था में कई तरह के जोखिम बढ़ सकते हैं। इनमें समय से पहले बच्चे का जन्म और जन्म के समय बच्चे का वजन कम होने जैसी समस्याएं शामिल हैं। इसलिए गर्भवती महिलाओं को अपने रूटीन में कुछ जरूरी बदलाव कर लेने चाहिए।

डॉक्टर ने शेयर किए 5 जरूरी टिप्स

प्रेग्नेंट महिलाएं कुछ चीजों को रूटीन में अपनाकर अपना बचाव कर सकती हैं। ऐसा नहीं है कि आप सांस लेना बंद कर सकते हैं लेकिन जितना हो सके उतना बचाव करना आपके और बच्चे के स्वास्थ्य के लिए सही रहेगा। यहां जानिए आपको क्या करना चाहिए-

1. बाहर टहलने जाने से बचें

सुबह और शाम की वॉक खुले पार्क या सड़कों पर न करें। अभी दिल्ली में प्रदूषण काफी ज्यादा है, तो आप घर से कम ही बाहर निकलें। अगर आपको कोई बहुत जरूर काम है, तभी घर से बाहर जाएं।

2. N95 मास्क पहनें

प्रदूषण के दौरान बाहर निकलना जरूरी हो तो गर्भवती महिलाएं अच्छी फिटिंग वाला N95 या समकक्ष रेस्पिरेटर मास्क पहन सकती हैं। यह हवा में मौजूद कई बारीक प्रदूषण के कणों को फिल्टर करने में मदद करता है। मास्क नाक और मुंह को अच्छी तरह कवर करे।

3. घर के अंदर की हवा को रखें साफ

ऐसा नहीं है कि सिर्फ बाहर ही प्रदूषण है, घर में भी आ सकता है। ऐसे में संभव हो तो बेडरूम में HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर लगाएं। बाहर AQI ज्यादा होने पर खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। गीले पोछे से घर की सफाई करें ताकि धूल हवा में न फैले। घर में अगरबत्ती, धूप, कपूर और मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाने से बचें और खाना बनाते समय एग्जॉस्ट फैन या चिमनी का इस्तेमाल करें।

4. डाइट में शामिल करें एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर चीजें

प्रदूषण के दौरान सबसे ज्यादा खांसी, जुकाम की समस्या होती है और ये हमारी इम्यूनिटी से जुड़ा है। इसके लिए आप एंटीऑक्सिडेंट्स फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करें। आप विटामिन-C वाले फल, हरी सब्जियां, दाल, पनीर, दूध, अंडे, बादाम, अखरोट और खूब पानी पिएं।

5. किसी भी तरह के धुएं से दूर रहें

सिगरेट और तंबाकू के धुएं से दूर रहें। घर में मच्छर भगाने वाली कॉइल न जलाएं। लकड़ी और कोयले के चूल्हे पर खाना बनाने से बचें। घर में पेंट, तेज खुशबू वाले केमिकल और स्प्रे का इस्तेमाल सीमित रखें। इन सभी चीजों से आपको एलर्जी हो सकती है।

डॉक्टर से करवाएं चेकअप

प्रेग्नेंट लेडीज अपनी सभी दवाइयों को लगातार लेती रहें और आंखों में जलन या लगातार पानी आना, खांसी, सांस में घरघराहट, सीने में जकड़न या सांस फूलने की समस्या होने पर फौरन डॉक्टर से चेकअप करवाएं। प्रदूषण के डर से अस्थमा की दवा या इनहेलर बंद न करें। गर्भावस्था के दौरान कोई भी नई दवा खुद से शुरू न करें।

नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN