Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/09/27/1200x900/DISHA_SALIAN_27_09_1790514559861_MQmw_1790514564461_SPhq_b82056d9-005b-44ec-9637-2bba6ec77fcc_nZfX.pngदिशा सालियान केस में वकील निलेश ओझा ने बताया कि दिशा के पिता को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि दिशा के पिता की सुरक्षा के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है।
दिशा सालियान केस की जांच सीबीआई के पास जाने के बाद केस में नए अपडेट सामने आ रहे हैं। इस बीच दिशा सालियान केस के वकील निलेश ओझा ने बताया कि दिशा के पिता को धमकियां मिल रही हैं और उन्होंने सतीश सालियान की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है।
दिशा के पिता को मिल रहीं धमकियां?
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील निलेश ओझा ने बताया कि दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन, समीर वानखेड़े, आशुतोष पाठक और उन्होंने खुद अपनी सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन लोगों को शिवसेना (UBT) नेताओं से धमकियां मिल रही हैं। वकील ओझा ने बताया कि इस सिलसिले में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), भारत के मुख्य न्यायाधीश और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है।
आदित्य ठाकरे की वाई प्लस सिक्योरिटी पर उठाए सवाल
निलेश ओझा ने बताया, “सीबीआई FIR रजिस्टर की गई और तुरंत एक चिट्ठी लिखकर चार लोगों के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की गई है।” निलेश ओझा ने आदित्य ठाकरे की वाई सिक्योरिटी को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ये मामला सामने लाया और जिन्हें कथित तौर पर धमकियां मिलीं, उन्हें बिना सुरक्षा के छोड़ दिया गया।”
उन्होंने आगे बताया, “चिट्ठी में गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स ब्यूरो के रिकॉर्ड का हवाला देते हुए साफ तौर पर कहा गया है कि आदित्य ठाकरे ड्रग्स के कारोबार में शामिल हैं। इसके अलावा, उनके खिलाफ गैंगरेप, मर्डर और मामले को दबाने की कोशिश के आरोपों में भी FIR दर्ज कर ली गई है।”
संजय राउत पर लगाया गंभीर आरोप
निलेश ओझा ने कहा, “हमने शुरुआती सारे सबूत पेश कर दिए हैं। फिर भी, आरोपी को अभी आपके प्रशासन की तरफ से ‘Y-प्लस’ सुरक्षा मिली हुई है। वहीं, जिन लोगों ने इस मामले को उजागर किया है उन्हें संजय राउत जैसे लोगों से सीधे तौर पर धमकियां मिल रही हैं। उन्हें कोई सुरक्षा नहीं दी गई।”
2020 में हुई थी दिशा सालियान की मौत
दिशा सालियान की बात करें तो वो एक सेलिब्रिटी मैनेजर थीं। दिशा सालियान ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम किया था। साल 2020 में एक बिल्डिंग से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। पहले तो इस मामले को एक एक्सीडेंटल केस बताया गया, लेकिन फिर बाद में इसे सुसाइड बताया गया। हालांकि, दिशा के पिता बार-बार आरोप लगाते रहे कि उनकी बेटी ने सुसाइड नहीं की है। अब इन आरोपों की जांच सीबीआई कर रही है।
दिशा सालियान की मौत के 6 दिन बाद हुई थी सुशांत सिंह राजपूत की मौत
बता दें, दिशा सालियान की मौत 9 जून 2020 को हुई थी। उनकी मौत के 6 दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई थी। दोनों की मौत की टाइमिंग को लेकर काफी सवाल हुए थे। हालांकि, सुशांत की मौत का केस बंद हो चुका है। मार्च 2025 में CBI ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामलों में मुंबई की एक विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी। सीबीआई ने अपनी जांच में किसी भी तरह की साजिश, आपराधिक कृत्य या हत्या (Foul Play) की बात से इनकार किया है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




