Home Latest news ताज़ा खबर देश में आ रहा नया चक्रवाती तूफान, MP समेत कई राज्यों में...

देश में आ रहा नया चक्रवाती तूफान, MP समेत कई राज्यों में फिर होने वाली है झमाझम बारिश, 50 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं

2
0

Source :- Khabar Indiatv

नई दिल्लीः बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हो रहे एक नए चक्रवाती तूफान से देश के कई राज्यों में एक बार फिर से झमाझम बारिश होने वाली है। यह चक्रवाती तूफान 2 नवंबर की  शाम के आसपास आंध्र प्रदेश तट तक पहुंच जाएगा। इसके असर से आंध प्रदेश, ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 

मौसम विभाग (IMD) ने अरुणाचल प्रदेश, केरल और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। रविवार को इन राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। 

आंधी-तूफान के साथ इन राज्यों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दक्षिण, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। रविवार को अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। 

ओडिशा में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक के भीतरी इलाकों, केरल, माहे और तेलंगाना में भी कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, पूर्वी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और विदर्भ में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

कई जगहों पर गिर सकती है आकाशीय बिजली

 1-2 नवंबर के बीच केरल, आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 1 से 3 नवंबर के बीच कहीं-कहीं आंधी-तूफान आने और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 2 से 3 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। यहां पर 40-50 किमी की स्पीड से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा

दिल्ली में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 28°C से 30°C के बीच और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C ​​के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास (-1.5°C से 1.5°C) रहेगा, जबकि अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम (-1.6°C से -3.0°C) रहने की उम्मीद है। हवा मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेगी, जिसकी गति सुबह के समय 15 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवा की गति बढ़कर 22 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

ये भी पढ़ेंः फ्रेंड की मौत पर कहा- ‘बड़ी जल्दी चले गए भाई’, एक महीने बाद खुद दुनिया से हो गए विदा, कौन थे जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले 5 दोस्त?

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS