Source :- LIVE HINDUSTAN
Pakistan News Today: खैबर पख्तूनख्वा-पंजाब सीमा के निकट झांगी पुलिस चौकी पर सोमवार को विस्फोटकों से लदे संदिग्ध वाहन से भीषण आतंकी हमला किया गया। इस हमले में 5 पुलिसकर्मी मारे गए हैं, जबकि 8 अन्य घायल हो गए।
पाकिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। खैबर पख्तूनख्वा-पंजाब सीमा के पास स्थित झांगी पुलिस चौकी पर सोमवार को आतंकी हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि विस्फोटकों से लदा एक संदिग्ध वाहन चौकी से टकराया और भीषण धमाका हुआ। इस हमले में 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हैं। पुलिस के प्रारंभिक बयान में कहा गया है कि वाहन लकड़ी से लदा था, जिसमें विस्फोटक छिपाए गए थे। टक्कर के साथ विस्फोट इतना जबरदस्त था कि चौकी की बाहरी दीवार का एक हिस्सा ढह गया और वाहन मलबे में दब गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्मघाती हमला था या वाहन को रिमोट कंट्रोल से उड़ाया गया। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
टीटीपी ने ली हमले की जिम्मेदारी
बताया जा रहा है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया कि हमला उनके हाल ही में लॉन्च किए गए ‘अल-फारूक’ मिसाइल से अंजाम दिया गया। हालांकि, पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही हैं। फिलहाल जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि हमला मिसाइल से हुआ या विस्फोटक भरे वाहन के जरिए। गौरतलब है कि टीटीपी ने हाल के महीनों में दक्षिणी खैबर पख्तूनख्वा और बाजौर जिले में भी इसी तरह के कई हमलों की जिम्मेदारी ली थी।
अफगानिस्तान में पाक हवाई हमलों के कुछ दिन बाद हुआ अटैक
बता दें कि यह हमला अफगानिस्तान में टीटीपी के ठिकानों पर पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों के महज कुछ दिनों बाद हुआ है। पाकिस्तान ने दावा किया था कि इन हमलों में 26 आतंकवादी मारे गए। सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि सटीक हमलों में टीटीपी के प्रशिक्षण केंद्र, गोला-बारूद भंडार और कमांडर अलीम खान खुशहाली व अख्तर मोहम्मद जानी खेल से जुड़े ठिकानों को नष्ट कर दिया गया।
दूसरी ओर, अफगान तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। अफगान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी हमलों में कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया गया और नागरिकों के घरों पर बमबारी की गई। मुजाहिद के अनुसार, हमलों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग समेत कई आम नागरिक मारे गए, जबकि 14 महिलाएं और बच्चे घायल हुए।
पाक-अफगान में तनाव चरम पर
पाकिस्तान ने इन हवाई हमलों को हाल के आतंकी हमलों का जवाब बताया है, जिनमें 9 जून को मूसा दारा, 2 जून को उत्तरी वजीरिस्तान और 9 मई को बन्नू शामिल हैं। इस्लामाबाद टीटीपी को ‘फितना-ए-ख्वारिज’ करार देता है और अफगानिस्तान पर टीटीपी को शरण देने का आरोप लगाता रहा है, जिसे काबुल लगातार खारिज करता आया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब चीन दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा था। पिछले साल अक्टूबर से दोनों पड़ोसी देशों के बीच कई बार झड़पें हो चुकी हैं। फरवरी में पाकिस्तान ने यहां तक कह दिया था कि वह अफगानिस्तान के साथ ‘खुले युद्ध’ की स्थिति में है। बाद में सऊदी अरब, तुर्की और कतर के अनुरोध पर मार्च में ईद-उल-फितर के मौके पर दोनों पक्षों ने अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







