Source :- INDIATV NEWS

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा अनऑफिशियल टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 291 रन बना लिए हैं। कप्तान ध्रुव जुरेल 99 रन बनाकर नाबाद लौटे। मैच की शुरुआत में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना एक भी रन बनाए आउट होकर पवेलियन लौट गए। वह पारी के पहले ही ओवर में आउट हो गए थे।
सुदर्शन और पडिकक्ल के बीच हुई 91 रनों की साझेदारी
पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद साई सुदर्शन और देवदत्त पडिकक्ल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की शानदार साझेदारी की, जिसमें सुदर्शन 41 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पड्डिकल ने यश राठौड़ के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े और टीम के स्कोर को 131 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर यश राठौड़ तीसरे विकेट के रूप में 13 रन बनाकर आउट हो गए।
देवदत्त पडिकक्ल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 140 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 80 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वह 137 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उनके आउट होने के तुरंत बाद स्मरण रविचंद्रन भी बिना खाता खोले शून्य पर पवेलियन लौट गए, और वाशिंगटन सुंदर भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए।
ध्रुव जुरेल ने टीम इंडिया को संकट से निकाला बाहर
एक समय 160 रन पर अपने 6 विकेट गंवाकर भारतीय टीम मुश्किल में थी, तब कप्तान ध्रुव जुरेल ने क्रीज पर टिककर पारी को संभाला। जुरेल ने मानव सुथार के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 62 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर 222 रन तक पहुंच गया। सुथार 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान ध्रुव जुरेल और आकाशदीप (25 रन) ने मिलकर अब तक नाबाद 69 रनों की शानदार साझेदारी कर ली है, जिससे टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।
99 रन बनाकर नाबाद लौटे जुरेल
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 291 रन बना लिए हैं। कप्तान ध्रुव जुरेल अपने शतक से सिर्फ 1 रन दूर हैं और वह 155 गेंदों पर 11 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 99 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। अब वह दूसरे दिन शतक पूरा करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वहीं, न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की बात करें तो फ्रेजर शेट ने सबसे ज्यादा 4 विकेट चटकाए, जबकि ब्रेट रैंडेल, जारोड मैके और जेडन लेनोक्स को एक-एक विकेट मिला।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया को यूएई ने हराया, 26 गेंदों में चेज किया 95 रन का टारगेट, टूर्नामेंट से हुई बाहर
SOURCE : INDIATV NEWS




