Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि के तीसरे दिन देवी मां के भोग के लिए आप गुड़ वाली समा राइस रबड़ी बनाकर तैयार कर सकते हैं। देवी को अर्पित करने के लिए ये अच्छी मिठाई है जिसे व्रत में भी खाया जा सकता है।
नवरात्रि के तीसरे दिन देवी दुर्गा के रूप मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। देवी के इस स्वरूप की पूजा करने के बाद हर कोई शांति, शक्ति और समृद्धि का आशीर्वाद पाना चाहता। ऐसे में देवी को खुश करने के लिए लोग घर पर तरह तरह की मिठाई बनाकर देवी को अर्पित करते हैं और फिर इसे प्रसाद के तौर पर सभी को बांट दते हैं। मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को दूध, खीर, मखाना, रबड़ी और अन्य दूध से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है। ऐसे में हम आपको गुड़ वाली समा राइस रबड़ी बनाने का तरीका बता रहे हैं। इसे बनाना काफी आसान है और घर पर रखी चीजों से ही ये तैयार हो जाती है।
गुड़ वाली समा राइस रबड़ी बनाने के लिए सामग्री
-2 बड़े चम्मच समा के चावल
-1 बड़ा चम्मच सूखा नारियल (कद्दूकस किया हुआ)
-6–8 काजू
-आधा लीटर फुल-फैट दूध
– 2–3 बड़े चम्मच गुड़ का पाउडर (स्वादानुसार)
– 1/8 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
– सजावट के लिए कटे हुए काजू और बादाम
गुड़ वाली समा राइस रबड़ी बनाने का तरीका
समा के चावल से गुड़ वाली रबड़ी बनाने के लिए सबसे पहले समा के चावल को अच्छी तरह से 3 से 4 बार पानी से अच्छी तरह धो लें। फिर साफ पानी में भीगे चावल के अलावा काजू को दूध या पानी में 15–20 मिनट के लिए भिगो दें। फिर पानी या दूध निकालकर, इन्हें सूखे नारियल और थोड़े से दूध के साथ मिलाकर एक चिकना पेस्ट बना लें। काजू का पेस्ट बनने में टाइम लगता है। अगर काजू का पेस्ट स्मूद ना हो तो आप इसमें थोड़ा पानी मिलाकरल दोबारा ब्लेंड कर सकते हैं।
अब इसे बनाने के लिए एक भारी तले वाले पैन में दूध गरम करें। अब तैया पेस्ट को धीरे-धीरे इस दूध में डालें और लगातार चलाते रहें। धीमी से मीडियम आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। इसे तब तक पकाना है जब तक कि समा के चावल पूरी तरह पक न जाएं और मिक्स गाढ़ा और क्रीमी न हो जाए।
मिक्स के गाढ़ा होते ही आंच बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें। जब ये ठंडी हो चुकी हो तभी इसमें गुड़ का पाउडर और इलायची पाउडर डालें, फिर अच्छी तरह मिलाएं। कटे हुए ड्राई फ्रूट्स से सजाएं और गरम या ठंडा परोसें।
गुड़ वाली समा राइस रबड़ी बनाने की टिप्स
- रबड़ी बनाने के लिए हमेशा फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। इससे रबड़ी ज्यादा गाढ़ी और मलाईदार बनेगी। बस एक बात का ध्यान रखें कि भारी तले की कड़ाही लें ताकि दूध नीचे से जले नहीं।
- दूध में समा चावल डालकर बीच-बीच में चलाते रहें। चावल पूरी तरह नरम होने चाहिए और दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाना चाहिए।
- दूध को धीमी आंच पर पकाएं और कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर वापस मिला दें। बहुत ज्यादा गाढ़ा न करें, क्योंकि ठंडा होने पर रबड़ी और गाढ़ी होगी।
- गुड़ सीधे उबलते दूध में न डालें। गुड़ डालने से दूध फट सकता है। इसलिए पहले आंच बंद करें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

