Source :- LIVE HINDUSTAN
पूजा के बाद बचे सूखे फूलों को फेंकने के बजाय उनसे घर पर धूप कोन बना सकते हैं। जानिए गेंदे और गुलाब के फूलों से नेचुरल धूप बनाने का आसान तरीका और जरूरी सामग्री।
नवरात्रि और दिवाली में घर को सजाने और पूजा के लिए खूब फूल लाए जाते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद ये फूल सूख जाते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग इन्हें फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन बचे हुए फूलों से घर पर धूप कोन भी बना सकते हैं? यह सूखे फूलों को दोबारा इस्तेमाल करने का सबसे आसान और बेस्ट तरीका है। इससे फूल बेकार भी नहीं जाएंगे और आप घर पर अपनी धूप भी तैयार कर सकेंगे। खास बात है कि इन्हें बनाना काफी आसान है और आपको ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। तो चलिए जानते हैं नवरात्रि-दिवाली के बचे फूलों से धूप कोन बनाने का आसान तरीका।
घर पर धूप कोन बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
सूखे गेंदे और गुलाब के फूल – 2 कप
नारियल का सूखा छिलका – आधा कप
तेज पत्ता – 2
भीमसेनी कपूर – 10 टुकड़े
दालचीनी – 3 डंडियां
लौंग – 10 से 15
घी – 2 छोटे चम्मच
गुलाब जल – जरूरत के हिसाब से
(ध्यान रखें कि फूल और नारियल का छिलका पूरी तरह सूखा होना चाहिए। अगर इनमें नमी होगी, तो धूप कोन को सूखने में ज्यादा समय लग सकता है।)
सूखे फूलों से धूप कोन बनाने का तरीका
- सभी चीजों को मिक्सर में डालें
सबसे पहले सूखे गेंदे और गुलाब के फूलों को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। अब इन्हें नारियल के सूखे छिलके, तेज पत्ते, दालचीनी, लौंग और भीमसेनी कपूर के साथ मिक्सर में डालें।
- सभी चीजों का पाउडर बनाएं
अब मिक्सर चलाकर सभी चीजों को पीस लें। आपको एकदम बारीक पाउडर बनाने की जरूरत नहीं है, हल्का दरदरा पाउडर भी ठीक रहेगा। अगर कोई बड़ा टुकड़ा रह जाए, तो उसे अलग कर दें या दोबारा पीस लें।
- घी और गुलाब जल मिलाएं
अब इस पाउडर में 2 छोटे चम्मच घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुलाब जल डालें और मिश्रण को गूंथ लें। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत गीला न हो। यह इतना होना चाहिए कि हाथ से दबाने पर आसानी से आकार ले सके।
- धूप कोन का आकार दें
अब मिश्रण की थोड़ी मात्रा हाथ में लें और उसे कोन जैसा आकार दें। अगर कोन बनाना मुश्किल लग रहा है, तो छोटे-छोटे गोल या लंबे टुकड़े भी बना सकते हैं। कोशिश करें कि सभी टुकड़े बहुत मोटे न हों, ताकि वे अच्छी तरह सूख सकें।
- धूप कोन को अच्छी तरह सुखाएं
तैयार कोन को एक साफ प्लेट या ट्रे में रखें। इन्हें 1 से 2 दिन तक धूप में सूखने दें। मौसम और नमी के हिसाब से इन्हें ज्यादा समय भी लग सकता है। इस्तेमाल करने से पहले देख लें कि कोन अंदर तक अच्छी तरह सूख गए हों। अगर इनमें नमी बची होगी, तो इन्हें जलाना मुश्किल हो सकता है।
धूप कोन बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- धूप कोन बनाते समय फूलों में प्लास्टिक, धागे या दूसरी गंदगी न हो। केवल साफ और सूखे फूलों का इस्तेमाल करें। अगर फूलों पर फफूंद लगी हो या उनसे अजीब गंध आ रही हो, तो उन्हें इस्तेमाल न करें।
- भीमसेनी कपूर ज्वलनशील होता है, इसलिए उसे संभालकर रखें और पीसते समय आग या गर्म चीजों से दूर रहें।
घर पर बनी धूप कोन का इस्तेमाल कैसे करें?
जब धूप कोन पूरी तरह सूख जाए, तो इसे धूपदान या किसी ऐसे बर्तन में जलाएं जो गर्मी सह सके। इसे हमेशा हवादार जगह पर जलाएं और जलती हुई धूप को अकेला न छोड़ें। धुएं से किसी को खांसी, सांस लेने में परेशानी या आंखों में जलन हो, तो धूप बुझा दें और कमरे में ताजी हवा आने दें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



