Home LIFESTYLE NEWS HINDI ना कोयला, ना गैस.. कड़ाही में भूनें अंगीठी जैसा तंदूरी भुट्टा, इस...

ना कोयला, ना गैस.. कड़ाही में भूनें अंगीठी जैसा तंदूरी भुट्टा, इस 1 ट्रिक से जल्दी होगा काम!

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बारिश में मौसम में अगर आपको भी भुट्टा खाना पसंद है, खासकर वो कोयले की अंगीठी पर भुना हुआ तो ये ट्रिक आपको जरूर जाननी चाहिए। इससे आप घर पर ही कड़ाही में तंदूरी भुट्टा बना सकते हैं और भी कुछ ही मिनटों में।

बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम भुट्टे खाने की क्रेविंग भी होने लगती है। खासकर शाम के समय बालकनी में बैठकर नींबू-नमक लगा हुआ भुट्टा खाने का मजा ही कुछ और है। वैसे तो वो स्ट्रीट पर मिलने वाला कोयले पर भूना हुआ भुट्टा, ज्यादा टेस्टी लगता है। लेकिन हर बार बाहर जाना पॉसिबल नहीं होता। घर पर कई लोग गैस पर भूनकर भुट्टा बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अक्सर ये काफी जल जाता है और इसमें कड़वा सा टेस्ट आता है। ऐस में अगर आपको परफेक्ट तंदूरी भुट्टा भूनना है, तो कड़ाही वाली ये ट्रिक आजमा कर देख सकते हैं। कड़ाही में भुट्टा एकदम परफेक्ट तरीके से रोस्ट होता है। आपको जितना ज्यादा रोस्टेड भुट्टा पसंद है, उस हिसाब से आप इसे भून सकते हैं। फटाफट काम हो जाता है और वही मार्केट स्टाइल स्वाद भी आता है।

कड़ाही में भूनें मार्केट स्टाइल तंदूरी भुट्टा

अंगीठी पर भुना हुआ रोस्टेड भुट्टा आपको भी पसंद है, तो एक बार ये कड़ाही वाली ट्रिक जरूर ट्राई करें। गैस पर भूनने से भुट्टा कई बार ज्यादा जल जाता है और एक-एक कर के भूनने में टाइम भी काफी लगता है। ऐसे में इस ट्रिक से फटाफट आप कई सारे भुट्टे साथ में भून सकते हैं। इसके लिए आपको कोई भी मोटे तले की एक कड़ाही लेनी है और साथ में एक पैकेट खाने वाला नमक लेना है। ये नमक आप कई बार भुट्टा या चने भूनने में इस्तेमाल कर सकते हैं, इसलिए इसे वेस्ट ना समझें।

स्टेप 1- कड़ाही में नमक को गर्म करें

सबसे पहले आपको मोटे तले की कढ़ाही लेनी है और उसमें सादा नमक डाल देना है। लगभग एक से दो कप नमक काफी रहेगा। अब इसे हाई फ्लेम पर 5-7 मिनट के लिए तेज गर्म होने दें। आप इस दौरान कड़ाही को ढक सकते हैं, इससे नमक जल्दी गर्म होगा। जितना ज्यादा नमक गर्म होगा, भुट्टे उतनी जल्दी और बढ़िया तरीके से रोस्ट होंगे।

स्टेप 2- कड़ाही में डालें भुट्टे के पीस

भुट्टे को छीलकर साफ कर लें, फिर इन्हें बीच में तोड़कर दो हिस्सों में बांट दें। लंबा भुट्टा कड़ाही में आ नहीं पाता है, इसलिए इसके टुकड़े करना जरूरी होता है। अब भुट्टे को नमक वाली कड़ाही में रख दें और इन्हें रोस्ट होने दें। इस दौरान गैस की फ्लेम आपको लो कर लेनी है। हालांकि अगर आपको अंगीठी जैसे ज्यादा भुने हुए भुट्टे खाना पसंद है, तो आप इन्हें तेज फ्लेम पर सेंक सकते हैं।

काम की टिप- कड़ाही में भुट्टे रोस्ट करते हुए उन्हें बीच-बीच में चलाते रहना बहुत जरूरी है। वरना ये साइड से ज्यादा भून सकते हैं, वहीं दूसरी साइड कच्ची रह सकती है। आप जैसे भुने हुए भुट्टे खाना पसंद करते हैं, उस हिसाब से इन्हें ज्यादा या कम रोस्ट कर लें।

चटकारेदार स्वाद के लिए बनाएं ये चटपटा मसाला

भुट्टे को और भी टेस्टी बनाता है उसपर लगने वाला चटपटा मसाला। इसे बनाने के लिए काला नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला और भुना जीरा मसाला स्वादानुसार एक साथ मिक्स कर लें। अब इस मसाले को नींबू की मदद से भुने हुए भुट्टे पर लगाएं। बहुत ही चटपटा और टेस्टी भुट्टा बनेगा।

(Images Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN