Source :- LIVE HINDUSTAN
हाफ फ्राई आपने खूब बनाकर खाया होगा लेकिन क्या कभी बिना तेल-घी वाला ट्राई किया है, तो चलिए इस हैक की मदद से बनाकर देखिए। इसके अलावा तरबूज का जूस भी बिना मिक्सर के निकल सकता है, उसकी ट्रिक जान लीजिए।
किचन में बनने वाली कई चीजें ऐसी होती हैं, जो अगर बिना तेल-घी या फिर किसी मशीन के बनाई जाए तो हमें लगता है कि स्वादिष्ट नहीं लगेंगी। जबकि तेल-घी हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक होता है और हर घर में मिक्सर हो ऐसा भी जरूरी नहीं। जॉली मक्कड़ अपने इंस्टाग्राम पेज पर कई किचन हैक, सिंपल फूड ट्रिक्स शेयर करती रहती हैं। अब उन्होंने बिना तेल-घी के अंडे की हाफ फ्राई बनाने और बिना जूसर के तरबूज का जूस निकालने की तरकीब बताई है। उनकी ये ट्रिक देखकर यूजर्स कमेंट कर इसे ट्राई करने की बात कह रहे हैं, साथ ही उस रेसिपी को हेल्दी भी बता रहे हैं। तो चलिए आपको भी ये फूड हैक्स बताते हैं, जो आपके लिए हेल्दी और ईजी साबित हो।
अंडे का हाफ फ्राई
संडे हो या मंडे- रोज खाओ अंडे वाली लाइन तो आपने जरूर सुनी होगी। कई लोग अंडे को डेली रूटीन में शामिल भी करते हैं लेकिन इसे हेल्दी तरीके से खाने के लिए उबले ज्यादा खाते हैं। कई लोग अंडे का ऑमलेट या फिर हाफ फ्राई भी खाते हैं। अब आप हाफ फ्राई बनाइये या फिर ऑमलेट बिना तेल घी के तो नहीं बन सकता। तो जॉली ने हाफ फ्राई में एक ट्रिक लगा दी उन्होंने पैन लिया और उस पर आधा कटा हुआ खीरा घिस दिया और फिर अंडे को फोड़कर डाल दिया। पैन पर ना कोई तेल डाला और ना ही घी, बस उनका हाफ फ्राई बनकर तैयार हो गया।
खीरा कैसे करेगा काम
दरअसल, खीरे में पानी की मात्रा ज्यादा होती है और हाफ फ्राई बनाने के लिए पैन पर चिकनाहट चाहिए। गरम पैन पर जब खीरे का पानी लगेगा तो वह हल्का चिकनापन पैदा करेगा और इसी में आपका हाफ फ्राई बनकर तैयार हो जाएगा। बस ध्यान देने वाली बात ये है कि आपको इसे मीडियम आंच पर बनाना होगा, वरना हाफ फ्राई नीचे से पैन में चिपक जाएगा।
बिना मिक्सर के जूस
तरबूज को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक बड़ी छन्नी को गिलास या भगोने के ऊपर रख दें। इसके बाद स्टील के गिलास के उल्टे हिस्से से तरबूज के टुकड़ों को छन्नी पर दबाएं। इससे जूस छन्नी से छनकर सीधे भगोने में गिर जाएगा, जबकि बीज छन्नी में ही रह जाएंगे। इस आसान तरीके से बिना मिक्सर के भी तरबूज का जूस तैयार किया जा सकता है। वहीं, अगर आप मिक्सर में जूस बनाते हैं, तो पहले बीज निकालने पड़ते हैं, वरना वे भी जूस के साथ पिस जाते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



