Source :- LIVE HINDUSTAN
वॉशिंग मशीन से जुड़ा एक हैक कई लोग ट्राई कर रहे हैं। हैक के मुताबिक अगर अगर आप वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते हुए डिटर्जेंट के साथ नींबू और नमक मिला दें; तो इसके कई फायदे होते हैं। क्या है ये हैक, इसके फायदे और क्या सच में ये काम करता है; आइए जानते हैं।
वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने का काम फटाफट हो जाता है। लेकिन अक्सर लोगों की छोटी-छोटी शिकायतें होती हैं, जैसे कपड़े साफ नहीं धुलते, उनपर दाग रह जाते हैं या फिर अजीब सी महक आती है। खासकर बारिश के मौसम में धुले हुए कपड़ों से सीलन की बदबू आना आम है। इन सारी प्रॉब्लम्स को दूर करने वाला एक हैक इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस हैक के मुताबिक अगर आप डिटर्जेंट पाउडर के साथ-साथ थोड़ा सा नींबू और नमक भी वॉशिंग मशीन में डाल दें, तो कपड़े बेहतर तरीके से साफ होते हैं। इस हैक के और भी कई फायदे बताए जा रहे हैं, जिस सुन के एक बार ट्राई करने का मन तो आपका भी जरूर होगा। तो चलिए आज इसी के बारे में जानते हैं, साथ ही जानेंगे कि ये हैक वाकई काम करता है भी या नहीं।
क्या है नींबू और नमक वाला वॉशिंग मशीन हैक?
इस हैक के मुताबिक जब भी आप वॉशिंग मशीन में कपड़े धोने के लिए डालें, तो डिटर्जेंट पाउडर के साथ थोड़ा सा नमक और नींबू भी जरूर एड करें। आपको नींबू साबुत ही नहीं डाल देना है, बल्कि एक नींबू का पूरी तरह से रस निकालकर डालना है। बहुत ज्यादा नमक का इस्तेमाल ना करें, सिर्फ 1 बड़ा चम्मच नमक काफी रहता है। चलिए अब जानते हैं कि ऐसा करने के क्या क्या फायदे बताए जा रहे हैं।
बारिश के मौसम में सीलन की बदबू नहीं आती
बरसात के मौसम में अक्सर कपड़े ठीक से सूख नहीं पाते हैं, यही वजह है कि सीलन की एक अजीब सी महक उनमें से आने लगती है। ऐसे में ये हैक ट्राई करना काफी फायदेमंद हो सकता है। इंस्टाग्राम पर लाइफस्टाइल से जुड़ी टिप्स शेयर करने वाली शिप्रा राय बताती हैं कि नींबू और नमक डालने से कपड़ों में सीलन की महक बिल्कुल नहीं आती। इससे धुले हुए कपड़ों में एकदम भीनी-भीनी साइट्रस खुशबू महसूस होती है।
कपड़े ज्यादा फ्रेश और साफ नजर आ सकते हैं
नमक, नींबू और डिटर्जेंट पाउडर का ये कॉम्बिनेशन कपड़ों को बेहतर साफ करने के लिए भी जाना जाता है। कपड़ों पर हल्का पीलापन या दाग लगे हों, तो नींबू और नमक उन्हें रिमूव करने में काफी मदद कर सकते हैं। खासकर सफेद कपड़े अक्सर पीले से पड़ जाते हैं, उनके लिए ये हैक काफी फायदेमंद बताया जाता है। इससे रंगीन कपड़े भी ज्यादा चमकदार नजर आते हैं।
क्या ये हैक आपको ट्राई करना चाहिए?
बारिश के मौसम में कपड़ों से सीलन की बदबू ना आए, इसके लिए आप ये हैक एक बार ट्राई कर के देख सकते हैं। लेकिन इसे कपड़ों को चमकाने या दाग-धब्बों को रिमूव करने का कोई जादुई सॉल्यूशन नहीं मानना चाहिए। सफेद कपड़ों का पीलापन अगर बहुत कम है, तो ये हैक कुछ प्रभावी हो सकता है। हालांकि बेहतर और लॉन्ग लास्टिंग रिजल्ट के लिए अच्छी क्वालिटी का डिटर्जेंट, फैब्रिक कंडीशनर या लॉन्ड्री फ्रेशनर का इस्तेमाल करना ज्यादा फायदेमंद होता है।
नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



