Source :- LIVE HINDUSTAN
High Protein Sandwich: सैंडविच के शौकीन हैं तो ये वाली रेसिपी जरूर ट्राई करें। सिर्फ 5 मिनट में बनने वाले इन सैंडविच के लिए आपको मेयोनीज, केचअप या चीज की जरूरत नहीं है। ये प्रोटीन रिच सैंडविच खाने में भी बहुत ज्यादा टेस्टी है।
सुबह का नाश्ता हो या शाम की हल्की भूख, सैंडविच बच्चों से ले कर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। बच्चे तो स्कूल टिफिन में भी सैंडविच की जिद करते हैं। फटाफट बनने वाले ऑप्शन्स में ये बेस्ट है। हालांकि सैंडविच को टेस्टी बनाने के लिए मेयोनीज और भर-भर के केचअप डाला जाता है, जो बिल्कुल भी हेल्दी नहीं होते। वहीं कई बार चीज घर में होता नहीं है और बिना इन तीनों के स्वादिष्ट सैंडविच बनाना सुनने में नामुमकिन लगता है, है ना? लेकिन आप हम आपके साथ सैंडविच की ऐसी रेसिपी शेयर कर रहे हैं, जो हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर है। इसे बनाने के लिए आपको मेयोनीज, केचअप और चीज की भी जरूरत नहीं है। शेफ जीतपाल ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस रेसिपी को शेयर किया है, आइए जानते हैं।
हाई प्रोटीन हेल्दी सैंडविच बनाने के लिए सामग्री
बिना मेयोनीज, केचअप और चीज के भी आप हाई प्रोटीन सैंडविच मिनटों में बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- पनीर (100 ग्राम), लहसुन की कलियां (2-3), चिली फ्लेक्स (1/4 चम्मच), नमक (स्वादानुसार), काली मिर्च पाउडर (स्वादानुसार), दही (2-3 चम्मच), ताजा धनिया पत्ता, प्याज (1), कद्दूकस की हुई गाजर (1), कद्दूकस खीरा (1/2), शिमला मिर्च (आधी), मल्टीग्रेन ब्रेड, ग्रिल करने के लिए तेल या घी।
बिना मेयोनीज और चीज के ऐसे बनाएं टेस्टी सैंडविच
स्टेप – तैयार करें क्रीमी पनीर स्प्रेड
सबसे पहले सैंडविच के लिए एक क्रीमी पनीर स्प्रेड बनाकर तैयार करें। इसके लिए मिक्सर में पनीर के टुकड़े, लहसुन की कलियां, चिली फ्लेक्स, नमक, काली मिर्च का पाउडर, दो से तीन चम्मच दही और खूब सारा ताजा हरा धनिया डालकर ब्लेंड कर लें। इसे एक स्मूद का पेस्ट बना लें।
स्टेप 2- सैंडविच की फिलिंग तैयार करें
अब इस क्रीमी पनीर स्प्रेड को एक बड़ी बाउल में डालें। इसमें बारीक कई हुई प्याज, कद्दूकस की हुई गाजर, ग्रेटेड खीर, कटी हुई शिमला मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। आप अपनी मनपसंद कोई भी सब्जी इसमें डाल सकते हैं।
स्टेप 3- ब्रेड में भरें सैंडविच की फिलिंग
अब मल्टीग्रेन ब्रेड की दो स्लाइसेज लें। एक स्लाइस पर तैयार पनीर और सब्जियों की फिलिंग डालकर फैलाएं। इसके ऊपर ब्रेड की दूरी स्लाइस रखकर हल्के हाथों से दबा दें।
स्टेप 4- सैंडविच को तवे पर सेंक लें
सैंडविच को क्रिस्पी और टेस्टी बनाने के लिए तवा गर्म करें और उसपर देसी घी या तेल लगा दें। तैयार सैंडविच को तवे पर रखें और मीडियम आंच पर सेंक लें। सैंडविच एक तरफ से क्रिस्पी हो जाए तो दूसरी साइड पर घी या तेल लगाकर उसे भी क्रिस्पी और गोल्डन होने तक सेंक लें। आप चाहें तो इसके लिए सैंडविच मेकर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
स्टेप 5- बीच से काटकर सर्व करें गरमा-गरम सैंडविच
बिना मेयोनीज, केचअप और चीज वाला हाई प्रोटीन सैंडविच बनकर तैयार है। इसे बीच से काटकर गरमा-गरम सर्व करें। साथ में हरी चटनी का कॉम्बिनेशन जबरदस्त लगेगा। अगर आप कुछ हेल्दी खाना चाहते हैं या वेट लॉस की कोशिश कर रहे हैं, तो ये सैंडविच बनाकर तैयार कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

