Home LIFESTYLE NEWS HINDI पंखे की पंखुड़ियों पर जम गई है जिद्दी चिकनाई? इन 4 आसान...

पंखे की पंखुड़ियों पर जम गई है जिद्दी चिकनाई? इन 4 आसान हैक्स से मिनटों में करें साफ

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पंखे पर धूल और चिकनाई जमने की वजह से अगर पंखुड़ियां बहुत ज्यादा गंदी हो गई है तो साफ करने के लिए आप 4 आसान हैक्स को अपना सकते हैं। पंखे को फटाफट साफ करने के लिए ये हैक्स बेहतरीन और आसान हैं।

दिवाली की साफ सफाई में महिलाएं घर के हर एक कोने को अच्छी तरह से साफ करके चमकाती हैं। ऐसे में पंखों को कोई कैसे भूल सकता है। रोजाना इस्तेमाल होने वाले पंखे की पंखुड़ियों पर धीरे-धीरे धूल, मिट्टी, चिकनाई और गंदगी जम जाती है। ऐसे में इन्हें साफ करना सबसे ज्यादा मुश्किल होता है क्योंकि ये छत पर लगे होते हैं और इन तक पहुंचने के लिए उंचाई वाले स्टूल या फिर टेबल का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसके अलावा इन्हें साफ करते हुए कई बार धूल पूरे कमरे में फैल जाती है। जिसकी वजह से फर्श, बिस्तर और फर्नीचर भी गंदे हो जाते हैं। ऐसे में पंखों को साफ करने के लिए हम 4 हैक्स बता रहे हैं जो आपके खूब काम आएगें।

1) पुराने तकिए के कवर से पंखा साफ करने का हैक

पंखे को साफ करने के लिए ये सबसे आसान हैक है जो बीते दिनों इंटरनेट पर भी जमकर वायरल हुआ था। इस हैक से पंखा साफ करने की खासियत यह है कि सफाई के दौरान धूल नीचे नहीं गिरती और कमरे में गंदगी भी नहीं फैलती। इसके लिए सबसे पहले पंखे का स्विच बंद करें और बिजली की सप्लाई भी बंद कर दें। अब एक पुराना तकिए का कवर लें और पंखे की एक ब्लेड को तकिए के कवर के अंदर डालें। अब कवर को दोनों तरफ से पकड़कर धीरे-धीरे अपनी ओर खींचें। ऐसा करने से ब्लेड पर जमी धूल और मिट्टी कवर के अंदर ही निकल जाएगी। इसी प्रक्रिया को पंखे की सभी ब्लेड पर दोहराएं। घर को धूल से बचाने के लिए ये एक बेहतरीन हैक है।

2) सिरके और पानी से करें पंखे की सफाई

पंखे की ब्लेड से धूल साफ करने के बाद भई अगर चिकनाई दिख रही है तो इसे साफ करने के लिए सिरके और पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सफाई के लिए आपको चाहिए आधा कप सफेद सिरका, आधा कप पानी, माइक्रोफाइबर कपड़ा, स्प्रे बोतल। अब इस हैक को ट्राई करने के लिए एक कटोरी में आधा कप पानी और आधा कप सफेद सिरका मिलाएं। इस मिक्स को स्प्रे बोतल में भर लें। पंखे की ब्लेड पर सीधे स्प्रे न करें। बस कपड़े पर थोड़ा मिक्स छिड़कें और अब कपड़े से ब्लेड को हल्के हाथों से साफ करें। अगर कहीं ज्यादा गंदगी जमी है तो उस जगह को दोबारा पोंछें। आखिर में सूखे कपड़े से ब्लेड को अच्छी तरह साफ कर दें।

3) डस्टिंग ब्रश से मिनटों में होगा साफ

अगर आपके घर में पंखा बहुत ऊंचाई पर लगा है, तो लंबे हैंडल वाले डस्टिंग ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पंखे की बिजली बंद करें। फिर लंबे हैंडल वाला माइक्रोफाइबर डस्टर लें। ब्लेड के ऊपर और नीचे धीरे-धीरे सफाई करें। पंखे के बीच वाले हिस्से और किनारों को भी साफ करें। सफाई के बाद फर्श पर गिरी धूल को गीले पोछे से साफ करें।

4) डिशवॉश लिक्विड से हटाएं जिद्दी गंदगी

रसोई के पास लगे पंखों पर तेल और धुएं के कारण चिपचिपी परत जम जाती है। ऐसे पंखे को साफ करने के लिए डिशवॉश लिक्विड इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी गुनगुना पानी लें। इसमें 2-3 बूंद हल्का डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। अब एक मुलायम कपड़े को इस पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। फिर पंखे की ब्लेड को धीरे-धीरे पोंछें। साफ पानी से हल्का नम किए हुए दूसरे कपड़े से साबुन हटाएं। लास्ट में सूखे कपड़े से पूरी ब्लेड पोंछ दें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN