Home LIFESTYLE NEWS HINDI पहली बार संबंध बनाने के बाद खून ना आए, तो क्या यह...

पहली बार संबंध बनाने के बाद खून ना आए, तो क्या यह नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Virginity Facts and Myths: यह मानना कि संबंध बनाने के बाद खून आना ही वर्जिन होने की निशानी है, एक आम गलतफहमी है। हर महिला के साथ ऐसा नहीं होता। इसके पीछे कई सामान्य और स्वास्थ्य से जुड़े कारण भी हो सकते हैं, जानें डॉक्टर वैदेही मराठे की राय।

संबंध बनाने के बाद खून आने को लेकर समाज में आज भी कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं। बहुत से लोग मानते हैं कि अगर पहली बार संबंध बनाने के दौरान खून आया, तो इसका मतलब महिला वर्जिन थी। वहीं अगर खून नहीं आया, तो कई बार तरह-तरह के सवाल खड़े कर दिए जाते हैं। लेकिन क्या सच में ऐसा है?

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैदेही मराठे का कहना है कि यह सोच पूरी तरह सही नहीं है। हर महिला का शरीर अलग होता है और संबंध के बाद खून आने या ना आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। कई बार यह बिल्कुल नॉर्मल होता है, तो कभी-कभी यह किसी हेल्थ प्रॉब्लम का साइन भी हो सकता है। इसलिए इस विषय को सही जानकारी और समझ के साथ देखना बेहद जरूरी है।

क्या पहली बार संबंध बनाने पर खून आना जरूरी है?

इसका सीधा जवाब है- नहीं। डॉ. वैदेही का कहना है, हर महिला को पहली बार संबंध बनाने पर खून आए, ऐसा बिल्कुल जरूरी नहीं है। खून आना या ना आना किसी महिला के वर्जिन होने का प्रूफ हो ही नहीं सकता।

पहली बार में कुछ महिलाओं को खून क्यों नहीं आता?

  • हर शरीर की बनावट अलग होती है

महिलाओं के शरीर में योनि के प्रवेश द्वार पर एक पतली झिल्ली होती है। यह झिल्ली हर महिला में अलग-अलग तरह की होती है। कुछ महिलाओं में यह काफी लचीली होती है, इसलिए संबंध के दौरान खून नहीं आता।

  • झिल्ली पहले ही खिंच जाती है

खेलकूद, साइकिल चलाना, दौड़ना, व्यायाम करना या कुछ दूसरी फिजिकल एक्टीविटीज के कारण यह झिल्ली कई बार पहले ही खिंच या फट जाती है। इसलिए पहली बार संबंध बनाने पर खून नहीं आता।

खून आने के कारण

  1. लुब्रिकेशन की कमी: अगर संबंध के दौरान लुब्रिकेशन पर्याप्त ना हो तो फ्रिक्शन बढ़ जाता है। इस वजह से हल्का खून आने लगता है।
  2. संक्रमण या सूजन: अगर योनि में संक्रमण या सूजन है, तो संबंध के बाद हल्की ब्लीडिंग की समस्या हो सकती है। इसके साथ खुजली, जलन या दर्द भी महसूस हो सकता है।
  3. सर्विक्स (गर्भाशय ग्रीवा) से जुड़ी समस्याएं: कभी-कभी सर्विक्स से जुड़ी कुछ प्रॉब्लम्स की वजह से भी संबंध के बाद हल्की ब्लीडिंग हो सकती है।
  4. पीरियड साइकिल के आसपास संबंध बनाना: अगर मासिक धर्म आने वाला हो या अभी-अभी खत्म हुआ हो, तब भी हल्की ब्लीडिंग हो सकती है।

कब डॉक्टर से मिलें?

  • हल्के धब्बों की जगह ज्यादा मात्रा में खून आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
  • अगर संबंध बनाने के बाद हर बार खून आता है, तो जांच कराना जरूरी है।
  • अगर खून के साथ तेज दर्द, जलन या असहजता भी हो, तो इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए।
  • बुखार, दुर्गंध या खुजली जैसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या लगातार ब्लीडिंग की स्थिति में स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN