Home rss world hindi पाकिस्तान के आसमान में नो एंट्री, 24 नवंबर तक भारतीय विमानों के...

पाकिस्तान के आसमान में नो एंट्री, 24 नवंबर तक भारतीय विमानों के लिए बंद रहेगा एयरस्पेस

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र का विवाद फिर बढ़ा। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर लगी रोक को एक महीने और बढ़ा दिया है। अब यह प्रतिबंध 24 नवंबर तक जारी रहेगा। पहलगाम हमले के बाद से दोनों देशों का आसमान एक-दूसरे के लिए बंद है।

पाकिस्तान ने भारत में पंजीकृत और भारतीय एयरलाइनों के विमानों को अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर लगी रोक को एक महीने के लिए और बढ़ा दिया है। अब यह प्रतिबंध 24 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके इस फैसले की जानकारी दी। अथॉरिटी के अनुसार, यह रोक सिर्फ आम यात्री विमानों पर ही नहीं, बल्कि सैन्य उड़ानों पर भी लागू होगी। नई समय-सीमा के मुताबिक, प्रतिबंध 24 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 59 मिनट (स्थानीय समय) तक रहेगा। इसके बाद ही यह रोक हटेगी या फिर आगे बढ़ाई जाएगी, यह फैसला बाद में लिया जाएगा।

बता दें कि यह हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला पहली बार 23 अप्रैल 2025 को लिया गया था। उस समय से अब तक दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण बने रहने के कारण पाकिस्तान ने इस प्रतिबंध को कई बार बढ़ाया है। हर बार एक महीने या कुछ समय के लिए इसे बढ़ाया जाता रहा है। पीएए ने साफ किया कि भारतीय विमानों को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पहलगाम हमले के बाद बढ़ा तनाव

यह पूरा मामला अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हुए आतंकी हमले से जुड़ा है। उस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। भारत ने आरोप लगाया था कि इस हमले में पाकिस्तान की भूमिका थी, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह से नकार दिया था। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत रुक गई और सैन्य तनाव भी बढ़ गया। भारत ने पाकिस्तान के इस कदम के जवाब में 30 अप्रैल 2025 को पाकिस्तानी विमान कंपनियों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। यानी दोनों देशों ने एक-दूसरे के विमानों को अपने आसमान में आने से रोक दिया है।

हवाई यातायात पर असर

लंबे समय से चल रहे प्रतिबंध की वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। भारतीय एयरलाइनों को पाकिस्तान के ऊपर से उड़ान भरने की बजाय लंबा रास्ता लेना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ रही है। यात्रियों को भी लंबी यात्रा का सामना करना पड़ रहा है। दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क लगभग पूरी तरह से बंद पड़ा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN