Source :- LIVE HINDUSTAN
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार को एक शांति रैली के दौरान हुए विस्फोट में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा से रविवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। स्वात जिले के कबाल कस्बे में चल रही शांति रैली के दौरान हुए शक्तिशाली धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में पाकिस्तानी पुलिस को मुख्य निशाना बनाया गया।
स्वात पुलिस और जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट रैली के बीच में हुआ। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अचानक जोरदार आवाज के साथ धमाका हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में यह विस्फोट आत्मघाती हमले जैसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
वहीं, धमाके के तुरंत बाद बचाव दल और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस, रेंजर्स और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को सील कर दिया है और मौके से सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है, और आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीमें भी बुलाई गई हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह धमाका स्वात जिले के कबाल कस्बे में ‘शांति रैली’ के दौरान हुआ। रैली का आयोजन स्थानीय जनजातीय परिषद ‘स्वात अमन जिरगा’ ने किया था। इस जिरगा के आह्वान पर सैकड़ों लोग इलाके में शांति की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। रैली में शामिल लोगों ने नारे लगा रहे थे। हाथ में प्लेकार्ड लिए हुए थे और इलाके में शांति बहाल करने की अपील की। बता दें कि पिछले कुछ महीनों से स्वात और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ी हुई है, जिसके चलते स्थानीय जनजातीय नेताओं ने शांति रैली का आयोजन किया था।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




