Source :- KHABAR INDIATV
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए शुक्रवार का दिन अच्छा रहा। टीम ने करीब दो साल बाद कोई टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की है। टीम के कप्तान बाबर आजम का बल्ला तो नहीं चला, लेकिन टीम ने श्रीलंका को दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से हरा दिया है। सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इस बीच पाकिस्तान को जीत के बाद भी कोई बहुत ज्यादा फायदा नहीं मिला है। टीम अभी भी आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में आखिरी पायदान पर है। हां, इस हार से श्रीलंका को जरूर हल्का सा नुकसान हुआ है।
श्रीलंका को दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने आठ विकेट से हराया
श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच पाकिस्तान ने आठ विकेट से जीत लिया है। इसके साथ ही सीरीज अब उसके नाम हो चुकी है। मैच की पहली पारी में श्रीलंकाई टीम केवल 98 ही रन पर आउट हो गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 325 रन का बड़ा स्कोर बनाया। श्रीलंका की टीम अपनी दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सकी और केवल 316 रन पर आउट हो गई। इसके बाद आखिरी पारी में पाकिस्तान के सामने महज 90 रनों का लक्ष्य था, जिसे टीम ने अपने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
बाबर आजम का बल्ला नहीं चला, दो मैचों में लगा केवल एक अर्धशतक
टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान ने एक बार फिर से बाबर आजम के हाथों में कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। मैच की पहली पारी में वे केवल आठ रन बना सके और दूसरी पारी में उनकी बैटिंग ही नहीं आई। पहली पारी में वे नंबर तीन पर बैटिंग के लिए आए थे। दूसरी पारी में पाकिस्तान के दो विकेट गिर गए थे, ऐसे में वे चाहते तो बैटिंग के लिए आ सकते थे, लेकिन वे खुद ही खेलने नहीं आए। इसी सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में वे 50 रन बना पाए थे और दूसरी पारी में 34 पर आउट हो गए। यानी बाबर आजम का बल्ला उस अंदाज में नहीं चला, जिसकी उम्मीद पाकिस्तान कर रहा होगा।
दो साल बाद जीती टेस्ट सीरीज, आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में आखिरी नंबर पर मौजूद
इस बीच गौर करने वाली बात ये है कि पाकिस्तान ने करीब दो साल बाद कोई टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की है। इससे पहले टीम ने अक्टूबर 2024 में अपने घर पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती थी, इसके बाद हार का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो अब जाकर थमा है। हालांकि इस जीत के बाद भी पाकिस्तानी टीम को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में कोई खास फायदा नहीं मिला है। इस जीत के बाद टीम का पीसीटी 12.12 हो गया है। इस मैच से पहले तक टीम का पीसीटी 3.33 का था, टीम का पीसीटी तो बढ़ा है, लेकिन टीम आखिरी यानी नौवें नंबर पर ही है। बात श्रीलंका की करें तो उसे नुकसान हुआ है, उसका पीसीटी अब 13.54 का ही रह गया है, जो इस मैच से पहले तक 15.48 का था। श्रीलंका की टीम आठवें नंबर पर ही है। इन दोनों टीमों की अब इस टूर्नामेंट के फाइनल में जाने की संभावनाएं खत्म हो चुकी हैं। साउथ अफ्रीकी टीम 75 के पीसीटी के साथ इस वक्त पहले नंबर पर काबिज है।
यह भी पढ़ें
एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत बनाम पाकिस्तान मैच, कितने बजे शुरू होगा महामुकाबला
केएल राहुल ने रच दिया इतिहास, वीरेंद्र सहवाग भी नहीं कर पाए ये वाला कारनामा
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




