Home rss entertainment hindi मनोरंजन समाचार पीली साड़ी में शरवरी की अदाएं और आयुष्मान का इश्किया अंदाज, ‘सावन...

पीली साड़ी में शरवरी की अदाएं और आयुष्मान का इश्किया अंदाज, ‘सावन आया है’ गाने ने दिलाई 90s के सुनहरे दौर की याद

4
0

Source :- KHABAR INDIATV

बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की अपकमिंग फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि फिल्म के गाने भी लगातार लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। अब मेकर्स ने इसका नया गाना ‘सावन आया है’ रिलीज कर दिया है, जो अपने म्यूजिक और रोमांटिक अंदाज से सीधे 90 के दशक की याद दिलाता है। गाने में आयुष्मान और शरवरी की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। बारिश में दोनों का रोमांस और डांस मूव्स दर्शकों को काफी पसंद आ रहे हैं। इससे पहले फिल्म का टाइटल ट्रैक और हिमेश रेशमिया का कंपोज किया हुआ एक अन्य गाना रिलीज किया जा चुका है। अब नए ट्रैक ने फिल्म के म्यूजिकल माहौल को और खास बना दिया है।

बारिश में रोमांस करते दिखे आयुष्मान और शरवरी

‘सावन आया है’ गाने में आयुष्मान खुराना शरवरी को अपनी सुरीली आवाज से प्रभावित करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं शरवरी साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही हैं। गाने के कई हिस्सों में दोनों एक-दूसरे के प्यार में खोए हुए नजर आते हैं। बारिश के बीच उनका डांस और रोमांटिक अंदाज गाने को एक अलग खूबसूरती देता है। इसकी धुन और फिल्मांकन में पुरानी हिंदी फिल्मों के रोमांटिक गानों वाली झलक दिखाई देती है। इस गाने को श्रेया घोषाल और हिमेश रेशमिया ने अपनी आवाज दी है। रिलीज होने के कुछ ही समय में इसे हजारों व्यूज मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी दर्शक गाने की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों को इसका म्यूजिक और बोल पुराने दौर के मेलोडियस गानों की याद दिला रहे हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी हिमेश रेशमिया ने संभाली है और अब तक रिलीज हुए गानों को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक रही है।

फैंस को पसंद आया श्रेया-हिमेश का कॉम्बिनेशन

‘सावन आया है’ रिलीज होते ही फैंस ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। एक यूजर ने श्रेया घोषाल और हिमेश रेशमिया की जोड़ी की तारीफ करते हुए लिखा कि यह कॉम्बिनेशन पुराने अच्छे दिनों की याद दिलाता है। वहीं एक अन्य फैन ने गाने के बोल को शानदार बताया। किसी ने इसे सुकून देने वाला और खूबसूरत ट्रैक कहा तो कुछ दर्शकों को इसकी धुन और अंदाज काफी पसंद आया। एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया कि फिल्म सिर्फ अपने गानों की वजह से सुपरहिट हो सकती है, उसे कहानी की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि फिल्म की सफलता का फैसला रिलीज के बाद ही होगा, लेकिन गानों को मिल रही प्रतिक्रिया ने इसके प्रति दर्शकों की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।

माधुरी दीक्षित के साथ भी थिरकी थीं शरवरी

फिल्म से जुड़ा एक खास पल तब देखने को मिला था, जब शरवरी ने राजश्री प्रोडक्शंस की विरासत का जश्न मनाने के लिए दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर डांस किया था। इस खास मौके पर हिंदी सिनेमा की एक लोकप्रिय अभिनेत्री और नई पीढ़ी की अदाकारा एक साथ नजर आईं। यह पल फिल्म के प्रचार के लिहाज से भी काफी खास रहा।

27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म

‘ये प्रेम मोल लिया’ एक म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर इसका निर्माण किया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि गानों के जरिए दर्शकों के बीच बनी यह उत्सुकता फिल्म की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर कितना असर दिखाती है।

ये भी पढ़ें: पहली शादी टूटने के बाद फिर प्यार में रिमी टॉमी, 18 साल बाद दोबारा बनेंगी दुल्हन, तलाक के 6 साल बाद चुना नया हमसफर

Latest Bollywood News

SOURCE : KHABAR INDIATV