Home Latest news ताज़ा खबर पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के खिताबी मैच में...

पीवी सिंधु ने हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के खिताबी मैच में बनाई जगह, डेनमार्क की खिलाड़ी से होगा सामना

3
0

Source :- INDIATV NEWS

भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का साल 2026 में शानदार फॉर्म देखने को मिल रहा है, जिसमें फ्रेंच ओपन 2026 के फाइनल तक का सफर तय करने के बाद अब हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। पीवी सिंधु को फ्रेंच ओपन के फाइनल में चीनी खिलाड़ी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब हाइलो ओपन में उनसे खिताब जीतने की उम्मीद की जा सकती है। सेमीफाइनल में पीवी सिंधु का सामना हमवतन खिलाड़ी अनमोल खरब से हुआ जिनको वह सीधे सेटों में मात देने में कामयाब रहीं और अब खिताबी मैच में उनका सामना डेनमार्क की खिलाड़ी से होगा।

सिंधु ने दोनों सेट को एकतरफा तरीके से किया अपने नाम

पीवी सिंधु का हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला सिंगल्स के इवेंट में काफी शानदार फॉर्म देखने को मिला जिसमें उन्होंने हमवतन खिलाड़ी अनमोल खरब के खिलाफ सेमीफाइनल मैच को सिर्फ 32 मिनट में ही खत्म कर दिया। सिंधु का दोनों सेट में दबदबा देखने को मिला जिसमें वह पहला सेट 21-13 के अंतर से अपने नाम करने में कामयाब रहीं तो वहीं दूसरे सेट को लेकर बात की जाए तो उसमें अनमोल खरब ने वापसी की कोशिश तो की लेकिन पीवी सिंधु ने इसे भी 21-16 के अंतर से जीतने के साथ फाइनल के लिए अपनी जगह को पक्का कर लिया।

फाइनल में डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट की होगी चुनौती

हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु का सामना डेनमार्क की लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट से होगा जिन्होंने अपने सेमीफाइनल मैच में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ एक घंटे 22 मिनट तक चले तीन सेटों तक मुकाबले को 2-1 के अंतर से जीता। लाइन होयमार्क क्येरफेल्ट को इस मैच के पहले सेट में 21-8 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वह दूसरे सेट को 21-19 के अंतर से जीतने में कामयाब रहीं तो वहीं तीसरा सेट उन्होंने 28-26 के अंतर से जीता।

लक्ष्य सेन से भी फाइनल में पहुंचने की उम्मीद

हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु के महिला सिंगल्स इवेंट के फाइनल में पहुंचने के बाद अब सभी की नजरें भारतीय स्टार पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को लेकर टिकी हुई हैं, जो अपने सिंगल्स इवेंट के सेमीफाइनल मैच में फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव का सामना करेंगे।

ये भी पढ़ें

पिता का अचानक निधन, टूटने के बाद भी नहीं मानी हार, ऐसे विश्व चैंपियन बनीं मनीषा भानवाला

भारतीय एथलीट नीरज यादव ने किया सुसाइड, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल

SOURCE : INDIATV NEWS