Home LIFESTYLE NEWS HINDI पैड न मिला तो माउंटेनियर ने टिश्यू पेपर से किया जुगाड़, क्या...

पैड न मिला तो माउंटेनियर ने टिश्यू पेपर से किया जुगाड़, क्या पीरियड्स में यह सेफ है?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पहाड़ों पर ट्रेकिंग के दौरान अचानक पीरियड्स आ जाएं और सैनिटरी पैड न मिले तो क्या करें? माउंटेनियर योगेश्वरी ने टिश्यू पेपर और मेडिकल टेप से जुगाड़ किया। जानें ऐसी इमरजेंसी में क्या करना चाहिए।

पहाड़ों पर ट्रेकिंग या माउंटेन क्लाइंबिंग करना अपने आप में बड़ी चुनौती है। खासकर महिलाओं के लिए मुश्किल तब बढ़ सकती है, जब सफर के बीच अचानक पीरियड्स शुरू हो जाएं और आसपास सैनिटरी पैड जैसी जरूरी चीजें भी न मिलें। ऐसा ही कुछ माउंटेनियर योगेश्वरी के साथ हुआ। लद्दाख के माउंट नन पर चढ़ाई के दौरान उन्हें उम्मीद से पहले पीरियड्स आ गए। कैंप में पैड नहीं थे, इसलिए उन्होंने टिश्यू पेपर को मेडिकल टेप से बांधकर पैड की तरह इस्तेमाल किया। लेकिन क्या ऐसा करना सेफ है? अगर पहाड़ों पर अचानक पीरियड्स आ जाएं, तो महिलाओं को क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं।

यह घटना उन महिलाओं के लिए भी एक जरूरी सवाल खड़ा करती है, जो ट्रेकिंग या पहाड़ों पर चढ़ाई करने जाती हैं। दूर-दराज के इलाकों में न तो आसानी से सैनिटरी पैड मिलते हैं और न ही साफ पानी और टॉयलेट की सुविधा होती है। ऐसे में पीरियड्स के दौरान हाइजीन का ध्यान रखना और भी जरूरी हो जाता है।

क्या ट्रेकिंग के दौरान कपड़े से बना सकते हैं पैड?

एक्वाटेरा एडवेंचर्स के फाउंडर और डायरेक्टर वैभव काला के अनुसार, अगर ट्रेकिंग के दौरान अचानक पीरियड्स शुरू हो जाएं और सैनिटरी पैड न मिले, तो साफ और मुलायम सूती कपड़े को कुछ समय के लिए पैड की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।

इसके लिए आप साफ सूती टी-शर्ट, रुमाल या बैंडाना को कई बार मोड़कर इस्तेमाल कर सकती हैं। फर्स्ट एड किट में मौजूद साफ गॉज को भी कपड़े में लपेटकर इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, ये सभी चीजें सिर्फ इमरजेंसी में कुछ समय के लिए ही इस्तेमाल करें।

  • हर 3-4 घंटे में बदलें: कपड़े को हर 3-4 घंटे में बदल लें। अगर वह पहले ही गीला हो जाए या उसमें ज्यादा ब्लड आ जाए, तो तुरंत बदलें।
  • हाथ साफ रखें: पैड या कपड़ा बदलने से पहले और बाद में हाथों को अच्छी तरह साफ करें।

क्या टिश्यू पेपर से बना पैड इस्तेमाल करना सही है?

नर्चर क्लीनिक की गायनेकोलॉजिस्ट और आईवीएफ एक्सपर्ट डॉ. अर्चना धवन बजाज के अनुसार, टिश्यू पेपर को मेडिकल टेप से चिपकाकर पैड की तरह इस्तेमाल करना सही तरीका नहीं है। टिश्यू पेपर ब्लड सोखने के बाद जल्दी गीला हो जाता है और फटकर या खिसककर हट सकता है। इससे कपड़ों पर दाग लग सकते हैं और स्किन पर भी परेशानी हो सकती है।

  • गीले टिश्यू पेपर के लंबे समय तक स्किन के संपर्क में रहने और टेप के चिपकने से जलन या खुजली भी हो सकती है। अगर आपके पास तुरंत इस्तेमाल करने के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है, तो टिश्यू पेपर को सिर्फ थोड़ी देर के लिए बाहरी तौर पर इस्तेमाल करें।

पहाड़ों पर ट्रेकिंग के दौरान पीरियड्स के लिए कैसे करें तैयारी?

वैभव काला के अनुसार, पहाड़ों पर जाने से पहले पीरियड्स से जुड़ी जरूरी चीजें अपने बैग में जरूर रखनी चाहिए। कई बार पीरियड्स तय समय से पहले भी आ सकते हैं। ऐसे में थोड़ी तैयारी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है।

  1. जरूरत से ज्यादा पैड रखें: पूरे ट्रेक के लिए जितने पैड की जरूरत हो, उससे कुछ ज्यादा पैड साथ रखें।
  2. एक्स्ट्रा अंडरवियर रखें: बैग में कुछ एक्सट्रा अंडरवियर जरूर रखें, ताकि कपड़े गीले या गंदे होने पर उन्हें बदला जा सके।
  3. हैंड सैनिटाइजर और वाइप्स रखें: जहां हाथ धोने के लिए पानी न मिले, वहां हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर और वाइप्स काम आ सकते हैं।
  4. इस्तेमाल किए पैड रखने के लिए बैग रखें: इस्तेमाल किए हुए पैड या टैम्पोन रखने के लिए कुछ अलग और अच्छी तरह बंद होने वाले बैग साथ रखें।
  5. पीरियड्स के दर्द की दवा रखें: अगर पीरियड्स के दौरान आपको दर्द होता है, तो डॉक्टर की सलाह से दवा साथ रख सकती हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें।

क्या ट्रेकिंग के दौरान मेंस्ट्रुअल कप इस्तेमाल कर सकते हैं?

पहाड़ों पर ट्रेकिंग करने वाली महिलाओं के लिए मेंस्ट्रुअल कप भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसे कई बार डिस्पोजेबल पैड की तुलना में ज्यादा समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे इस्तेमाल किए हुए पैड का कचरा भी कम होता है। हालांकि, अगर ट्रेकिंग के दौरान साफ पानी आसानी से नहीं मिलता, तो इसे साफ करने में परेशानी हो सकती है।

पहाड़ों पर इस्तेमाल किए पैड कहां फेंकें?

ट्रेकिंग के दौरान पीरियड्स से जुड़ी एक और जरूरी बात है- इस्तेमाल किए हुए पैड और टैम्पोन को सही तरीके से फेंकना। इन्हें सील होने वाले बैग में रखें और वापस लाकर सही जगह फेंकें। इन्हें पहाड़ों पर दबाने या जलाने से भी बचें। ऐसा तभी करें, जब वहां कचरा फेंकने या नष्ट करने के लिए कोई तय और मंजूर तरीका हो। इससे पहाड़ों की सफाई बनी रहेगी और दूसरे लोगों को भी परेशानी नहीं होगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN