Source :- LIVE HINDUSTAN

Pregnancy Diet Tips: गर्भावस्था में आम खाना चाहिए या नहीं, इसे लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं। अगर आप भी इस उलझन में हैं, तो जानें क्या कहती हैं डॉक्टर वैदेही मराठे और कितनी मात्रा में आम खाना सही माना जाता है।

गर्मी का मौसम आते ही आम का इंतजार हर किसी को रहता है। लेकिन जब बात गर्भावस्था की आती है, तो कई महिलाओं के मन में एक सवाल जरूर आता है- क्या इस दौरान आम खाना सेफ है? अक्सर घर के बड़े-बुजुर्ग यह कह देते हैं कि आम की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसे खाने से बचना चाहिए। यही वजह है कि कई महिलाएं अपनी पसंद का फल होने के बावजूद आम खाने से डरती हैं।

हालांकि, डॉक्टर वैदेही मराठे का कहना है कि हर बात पर सिर्फ सुनी-सुनाई बातों के आधार पर भरोसा नहीं करना चाहिए। सही मात्रा में और सही तरीके से खाया गया आम गर्भावस्था के दौरान शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व दे सकता है।

क्या प्रेग्नेंसी में आम खाना सुरक्षित है?

डॉक्टर वैदेही मराठे के अनुसार, सामान्य और हेल्दी प्रेग्नेंसी में आम खाना सेफ होता है। आम में कई ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो मां और शिशु दोनों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। हालांकि किसी भी चीज की तरह आम का सेवन भी संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा खाने पर कुछ परेशानियां हो सकती हैं।

आम में कौन-कौन से पोषक तत्व होते हैं?

आम सिर्फ स्वाद में ही नहीं, बल्कि पोषण के मामले में भी काफी अच्छा फल माना जाता है। इसमें मौजूद विटामिन ए, विटामिन सी, फाइबर और कई जरूरी मिनरल्स शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करते हैं।

शिशु के विकास में कैसे मदद कर सकता है आम?

  • आम में मौजूद विटामिन ए शिशु के विकास के लिए जरूरी होता है। वहीं, विटामिन सी शरीर की रोगों से लड़ने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
  • फाइबर की मौजूदगी पाचन को बेहतर रखने और कब्ज जैसी परेशानी को कम करने में भी मदद करती है।

ज्यादा आम खाने से क्या हो सकता है?

आम फायदेमंद जरूर है, लेकिन जरूरत से ज्यादा मात्रा में खाने से कुछ समस्याएं हो सकती हैं।

  1. पेट में जलन महसूस हो सकती है।
  2. कुछ लोगों को शरीर में गर्मी बढ़ी हुई लग सकती है।
  3. ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है।
  4. पाचन से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

अगर गर्भावस्था में शुगर बढ़ी हुई है तो क्या करें?

जिन महिलाओं को प्रेग्नेंसी के दौरान शुगर बढ़ने की समस्या है, उन्हें आम खाने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। ऐसी स्थिति में मात्रा का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है।

आम खाते समय किन बातों का रखें ध्यान?

  1. अच्छी तरह धोकर खाएं: आम को खाने से पहले अच्छी तरह साफ पानी से धोना जरूरी है ताकि उसकी सतह पर मौजूद गंदगी हट सके।
  2. नेचुरली पके आम चुनें: ऐसे आम खाना बेहतर माना जाता है जो प्राकृतिक तरीके से पके हों।

नोट: आम को लेकर कई तरह की धारणाएं प्रचलित हैं, लेकिन हर जानकारी सही हो यह जरूरी नहीं। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN