Source :- BBC INDIA
Reuters
स्पेन के सेकेंड डिविज़न के एक फ़ुटबॉल मैच के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए टेनेरिफ़ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल की मौत हो गई है. उनकी उम्र 30 साल थी.
सोमवार को एंडोरा के ख़िलाफ़ मैच के दौरान गोलकीपर जीसस ओवोनो से ज़ोरदार टक्कर के बाद डी मिगुएल के सिर और सीने में चोटें आई थीं. इस ख़तरनाक मूव के लिए गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाया गया था.
सोमवार को डी मिगुएल की हालत ‘स्थिर लेकिन गंभीर’ बताई गई थी. हालांकि, मंगलवार सुबह उनकी तबीयत और बिगड़ गई. स्पेन के इस फ़ुटबॉलर ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार दोपहर 12.30 बजे) दम तोड़ दिया.
क्लब की ओर से जारी बयान में कहा गया, “दिल टूट गया है, गला रुंधा हुआ है और हमें यक़ीन नहीं हो रहा कि यह सच है. सीडी टेनेरिफ़ जीसस डी मिगुएल अलामेडा के दुखद निधन की घोषणा करता है.”
बयान में आगे कहा गया, “हमारे पास सांत्वना देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं. ऐसा कुछ भी नहीं है जो इस भारी दुख को कम कर सके. इस मुश्किल घड़ी में हम उनके परिवार, उनके क़रीबी लोगों और टेनेरिफ़ के सभी लोगों के साथ हैं, जो आज इस दुखद नुक़सान का सामना कर रहे हैं.”
क्लब ने कहा, “जीसस डी मिगुएल का परिवार मिले हर संदेश और समर्थन के लिए आभारी है. साथ ही, इस बेहद मुश्किल समय में उन्होंने अपनी निजता का सम्मान करने की अपील की है.”
खिलाड़ियों में शोक की लहर
Europa Press Canarias via Getty Images
बार्सिलोना के पूर्व डिफ़ेंडर जेरार्ड पिके की सह-मालिकाना हक़ वाली टीम एंडोरा ने भी बयान जारी कर शोक जताया.
टीम ने कहा, “हमारा दिल टूट गया है और हम बेहद दुखी हैं. हम जीसस डी मिगुएल के परिवार, उनके सभी साथियों, दोस्तों और सीडी टेनेरिफ़ के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.”
जिस समय यह घटना हुई, उस समय टेनेरिफ़ और एंडोरा के बीच मुक़ाबला 2-2 से बराबरी पर था. मैच के इंजरी टाइम के सातवें मिनट में यह हादसा हुआ.
गोलकीपर ओवोनो एक लंबी गेंद को क्लीयर करने के लिए सेंटर सर्कल की ओर दौड़े. इसी दौरान उनका घुटना डी मिगुएल से टकराता दिखाई दिया.
डी मिगुएल मैदान पर बेहोश पड़े रहे. मेडिकल टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से टेनेरिफ़ के एस्टाडियो हेलियोडोरो रोड्रिगेज़ लोपेज़ से अस्पताल ले जाया गया.
इस घटना से दोनों टीमों के खिलाड़ी सदमे में थे. डी मिगुएल के कई साथी खिलाड़ी रोते हुए दिखाई दिए.
रेफ़री ने ओवोनो को सीधे रेड कार्ड दिखाया और इसके बाद मैच रद्द कर दिया.
स्पेन के मीडिया संस्थानों, जिनमें मार्का भी शामिल है, ने बताया कि एंबुलेंस में डी मिगुएल को कार्डियक अरेस्ट हुआ था. अस्पताल ले जाते समय पैरामेडिक्स ने उन्हें सीपीआर देकर दोबारा होश में लाने की कोशिश की.
टेनेरिफ़ ने सोमवार रात उनकी हालत को “गंभीर लेकिन स्थिर” बताया था. हालांकि, मंगलवार सुबह जारी एक और बयान में कहा गया कि डी मिगुएल की न्यूरोलॉजिकल स्थिति ज़्यादा बिगड़ गई थी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




