Home खेल समाचार फीफा वर्ल्ड कप में आज क्या-क्या हुआ? मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचने वाली...

फीफा वर्ल्ड कप में आज क्या-क्या हुआ? मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम बनी, स्विट्जरलैंड ने रचा इतिहास

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

FIFA World Cup 2026- फीफा वर्ल्ड कप में स्विट्जरलैंड और कनाडा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। स्विट्जरलैंड ने 4-1 से बोस्निया और हर्जेगोविना को हराया, वहीं कनाडा ने कतर को 6-0 से धूल चटाई। मैक्सिको ने 1-0 से साउथ कोरिया को हराया।

FIFA World Cup 2026- फीफा वर्ल्ड कप 2026 में आज तीन मैच खेले गए। पहले मैच में स्विट्जरलैंड ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 4-1 के बड़े अंतर से हराया। स्विट्जरलैंड ने अपने सभी गोल 74वें मिनट के बाद कर इतिहास रचा। वह फीफा वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं अन्य मुकाबलों में कनाडा ने कतर को 6-0 से तो मैक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराया। मैक्सिको ने अभी तक खेले दोनों मैच जीते हैं और वह पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर है। वहीं स्विट्जरलैंड अपने ग्रुप में दूसरे और कनाडा पहले पायदान पर है।

मैक्सिको नॉकआउट में पहुंचा

लुइस रोमो ने दक्षिण कोरिया की रक्षात्मक चूक का फायदा उठाते हुए गोल दागा जिससे सह मेजबान मैक्सिको 1-0 से जीत हासिल करके मौजूदा विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। मैच जब गोलरहित बराबरी पर चल रहा था तब खेल के 58वें मिनट में दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच टक्कर होने से गेंद पेनल्टी एरिया के अंदर छूट गई। रोमो के पास यह सुनहरा मौका था और उन्होंने गेंद को आसानी से खाली नेट में डालकर गोल कर दिया जो बाद में निर्णायक साबित हुआ।

यह उस टीम के लिए एक बड़ी जीत है जो 2022 में ग्रुप चरण में जीत हासिल करने में नाकाम रही थी और अब उसने घरेलू मैदान पर उत्साहित दर्शकों के सामने दो बार जीत हासिल की है। मैक्सिको के खिलाड़ियों ने मैदान पर जश्न मनाया जबकि दर्शक एस्टाडियो एक्रोन के खचाखच भरे स्टेडियम में जयकारे लगा रहे और गीत गा रहे। खिलाड़ियों ने प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। दक्षिण कोरिया ने 87वें मिनट में लगभग बराबरी कर ली थी लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव करके खतरे को टाल दिया था।

उन्होंने पहले चो ग्वे-सुंग के करीब से किए गए हेडर को रोका और फिर रिबाउंड पर यांग ह्यून-जून के प्रयास को और भी बेहतर तरीके से नाकाम किया।

कनाडा की वर्ल्ड कप में पहली जीत

जोनाथन डेविड ने दर्शकों के अपार समर्थन के बीच हैट्रिक लगाई जिससे कनाडा ने कतर को 6-0 से करारी शिकस्त देकर विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की और नॉकआउट राउंड में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली। कतर के दो खिलाड़ियों को लाल कार्ड मिले जिससे उसकी टीम नौ खिलाड़ियों तक सिमट गई। कनाडा की टीम ने इसका पूरा फायदा उठाया। होमन अहमद को पहले हाफ (33वें मिनट) में ही ताजोन बुकानन पर फाउल करने के लिए मैदान से बाहर भेज दिया गया था।

इसके बाद दूसरे हाफ की शुरुआत में ही असीम मदीबो (51वें मिनट) को इस्माइल कोने पर फाउल करने के कारण लाल कार्ड दिखाया गया। उन्होंने कोने के बाएं पैर के निचले हिस्से में चोट पहुंचाई थी जिससे कनाडा के खिलाड़ी को मैदान से बाहर ले जाया गया।

विश्व कप में अपनी ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद कनाडा को एक झटका लगा है क्योंकि उसके मिडफील्डर इस्माइल कोने इस मैच की दौरान चोटिल हो गए और उनकी अब सर्जरी की जाएगी। दूसरे हाफ में कतर के मिडफील्डर असीम मदीबो ने पीछे से आकर कोने को टक्कर मारी, जिससे उनके बाएं पैर में चोट लग गई। 24 वर्षीय कोने दर्द से कराह उठे और खिलाड़ी उनकी मदद के लिए दौड़े। इसके साथ ही साइडलाइन से भी मदद की गुहार लगाई। कोने पर किए गए टैकल के लिए मदीबो को लाल कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। कोने का पहले मैदान पर ही इलाज किया गया और बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।

स्विट्जरलैंड ने 74वें मिनट के बाद 4 गोल दागकर रचा इतिहास

सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी योहान मंजांबी के दो गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने विश्व कप फुटबॉल की ग्रुप बी के मैच में बोस्निया-हर्जेगोविना पर 4-1 से जीत शानदार जीत हासिल की। मंजांबी ने मैदान पर उतरने के तीन मिनट बाद ही मैच के 74वें मिनट में एक शानदार वॉली शॉट लगाकर विश्व कप में अपना पहला गोल किया। यह स्विट्जरलैंड का मैच में पहला गोल भी था। इसके बाद उसने गोल की झड़ी लगाकर ग्रुप बी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

बोस्निया के टैरिक मुहारेमोविच को खतरनाक टैकल के लिए लाल कार्ड दिखाए जाने के कारण उसकी टीम को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा जिसका स्विट्जरलैंड ने पूरा फायदा उठाया। रुबेन वर्गास ने इसके कुछ देर बाद 84वें मिनट में स्विस टीम के लिए दूसरा गोल किया।

मंजांबी ने वर्गास के पास पर 90वें मिनट में फिर से गोल किया, जबकि कप्तान ग्रैनिट ज़ाका ने इंजरी टाइम के सातवें मिनट में पेनल्टी पर से गोल दागकर अपनी टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की।

इस बीच एर्मिन महमिच ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में बोस्निया के लिए गोल किया। अपना दूसरा विश्व कप खेल रही इस टीम के पास अब भी नॉकआउट चरण में पहुंचने का वैध मौका है।

फीफा वर्ल्ड कप में कल के मैचों का शेड्यूल-

फीफा वर्ल्ड कप में कल यानी 20 जून को 5 मैच खेले जाएंगे।

यूएसए वर्सेस ऑस्ट्रेलिया- 12 बजकर 30 मिनट से

स्कॉटलैंड वर्सेस मोरक्को- देर रात 3 बजकर 30 मिनट से

ब्राजील वर्सेस हाएती- सुबह 6 बजे से

तुर्की वर्सेस परागुआ- सुबह 8 बजकर 30 मिनट से

नीदरलैंड्स वर्सेस स्वीडन- रात 10 बजकर 30 मिनट से

SOURCE : LIVE HINDUSTAN