Home LIFESTYLE NEWS HINDI बच्चों को खिलाना है आंवला? तो सर्दियों में जरूर बनाएं ये मीठे...

बच्चों को खिलाना है आंवला? तो सर्दियों में जरूर बनाएं ये मीठे और जूसी लड्डू, देखें रेसिपी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सर्दियों में बाजार में आंवले आने लगते हैं। विटामिन सी से भरपूर होने के कारण ये सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं, लेकिन इनका स्वाद हर किसी को पसंद नहीं आता। ऐसे में आप ये मीठे और रसीले लड्डू बनाकर तैयार कर सकते हैं। नोट करें रेसिपी

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में हरे-हरे आंवले मिलने लगते हैं। विटामिन सी से भरपूर आंवला सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। हालांकि इसका स्वाद थोड़ा खट्टा और कड़वा होता है, जिस वजह से कई लोगों को इसे खाना बिल्कुल पसंद नहीं होता। बच्चे तो आंवला का नाम सुनते ही दूर भागते हैं। ऐसे में आप आंवले के ये स्वादिष्ट और जूसी लड्डू बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये लड्डू खाने में मीठे और रसीले होते हैं, इसलिए बच्चे भी इन्हें शौक से खाते हैं। खास बात है कि इन्हें बनाना भी काफी आसान है और सिर्फ कुछ ही चीजों की जरूरत होती है। सर्दियों में पूरे परिवार को आंवला खिलाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी एक बार जरूर ट्राई कर के देखें। आंवला खाने का इससे स्वादिष्ट तरीका शायद ही होगा। आइए जानते हैं इन्हें बनाना कैसे है-

आंवले के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

सर्दियों में सेहत और स्वाद से भरपूर आंवला लड्डू बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- ताजे आंवले (500 ग्राम), चीनी (1 कप/ 200 ग्राम), फूड कलर (ऑप्शनल), देसी घी (1/4 कप), बेसन (1/4 कप), खरबूज के बीज (2 चम्मच), इलायची पाउडर (आधा चम्मच), पिस्ता (गार्निशिंग के लिए)।

जूसी आंवला लड्डू बनाने की विधि

स्टेप 1- आंवला को भाप लगाएं

सबसे पहले ताजे आंवले ले कर उन्हें अच्छी तरह वॉश कर लें। फिर 10 मिनट के लिए इन्हें भाप में पकाएं ताकि ये नर्म हो जाएं। फिर इनके बीज निकाल लें और आंवले को दरदरा पीस लें या कद्दूकस कर लें।

स्टेप 2- चाशनी में पकाएं आंवला

एक पैन में चीनी डालकर धीमी आंच पर मेल्ट होने के लिए रख दें। जैसे ही चीनी हल्की सी पिघलने लगे तो इसमें आंवले के टुकड़े मिला दें। इन्हें चलाते हुए कुक कर लें, जबतक चीनी पूरी तरह मेल्ट नहीं हो जाती। आप चाहें तो थोड़ा सा ऑरेंज फूड कलर भी एड कर सकते हैं। इससे लड्डू का रंग बहुत अच्छा आता है।

स्टेप 3- देसी घी में भून लें बेसन

पैन में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें, फिर बेसन डालकर इसे सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें। जैसे ही बेसन अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें आंवला और चीनी वाला मिक्सचर एड करें। इन्हें अच्छी आपस में मिलाएं, फिर थोड़ा सा इलायची पाउडर और खरबूजे के बीज ऊपर से एड करें।

स्टेप 4- लड्डू बनाकर तैयार करें

हाथों पर थोड़ा सा घी लगाएं और तैयार मिक्सचर से मनचाहे आकार के लड्डू बनाकर तैयार कर लें। आखिर में आप खरबूजे के बीज, कटा हुआ पिस्ता और चांदी का वर्क लगाकर लड्डू को गार्निश कर सकते हैं। ये पूरी तरह ऑप्शनल हैं।

स्टोर कैसे करें?

ये आंवला के लड्डू काफी दिनों तक खराब नहीं होते हैं। लेकिन इन्हें साफ और सूखी जगह स्टोर करना जरूरी है। आप इन्हें किसी एयर टाइट कंटेनर में स्टोर कर के रख सकते हैं। इनके रंग, स्मेल, टेक्चर में कोई बदलाव दिखे तो खाने से बचें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN