Source :- LIVE HINDUSTAN
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने कहा है कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना देश आजाद नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश स्वतंत्र नहीं हुआ होता, तो वहां के लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं।
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने शनिवार को एक ऑडियो संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बिना देश आजाद नहीं हो पाता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर बांग्लादेश 1971 में स्वतंत्र नहीं हुआ होता, तो वहां के आम लोगों को पाकिस्तानी सैनिकों के जूतों की ठोकरें सहनी पड़तीं और उन्हें उनकी बर्बरता का सामना करना पड़ता। यह बयान हसीना ने जूम के माध्यम से दिया। उन्होंने अवामी लीग की लाइव श्रृंखला ‘दयामुक्ति’ के 98वें एपिसोड में यह संबोधन किया। अगस्त 2024 में छात्र नेतृत्व वाले हिंसक विद्रोह के बाद उनकी सरकार गिर गई थी और वे बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गईं। तब से वे भारत में रह रही हैं और वहीं से अपनी पार्टी और समर्थकों से संपर्क बनाए हुए हैं।
हसीना की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब बांग्लादेश में फिर से हिंसा और अस्थिरता की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में उन्होंने घोषणा की है कि वे 16 दिसंबर को स्वदेश लौटेंगी। 16 दिसंबर बांग्लादेश के लिए विशेष दिन है, क्योंकि इसी दिन देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी जीत की वर्षगांठ मनाता है। मुक्ति संग्राम का नेतृत्व हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान ने किया था, जिन्हें बांग्लादेश का राष्ट्रपिता माना जाता है।
प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की अपील
अपने संबोधन में हसीना ने लोगों से प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें उनके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। अगर हमें जीना है तो सम्मान के साथ जीना होगा। किसी व्यक्ति या समूह का नाम लिए बिना उन्होंने आरोप लगाया कि आज स्वतंत्रता सेनानियों को एक-एक करके खत्म किया जा रहा है। हसीना ने प्रताड़ना और हिरासत में मौतों का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कैदियों को दवाइयां और चिकित्सा उपचार नहीं दिया जा रहा है तथा उन्हें और अधिक प्रताड़ित किया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों के साथ हो रहे व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा जघन्य और क्या हो सकता है?
इस दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, उन्होंने इस घटना के बारे में कोई विशेष जानकारी या सबूत नहीं दिए। हसीना ने अपने बयान में बार-बार स्वतंत्रता सेनानियों की भूमिका को याद दिलाया और कहा कि उनके बिना बांग्लादेश आजाद नहीं हो पाता। अगर देश स्वतंत्र नहीं हुआ होता तो लोगों को पाकिस्तानी सेना की बर्बरता सहनी पड़ती।
क्या कह रहे जानकार?
शेख हसीना के बयान पर जानकारों का कहना है कि उनका यह बयान और अपनी वापसी की घोषणा के जरिए अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता फिर से स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं। वे खुद को एक ऐसी साहसी नेता के रूप में पेश कर रही हैं जो जेल जाने या मौत का सामना करने के लिए भी तैयार है। ऐसा करके वे सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार को मुश्किल स्थिति में डालना चाहती हैं। साथ ही वे अपनी पार्टी अवामी लीग के सहयोगियों और समर्थकों के साथ एकजुटता भी दिखा रही हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




