Source :- INDIATV NEWS

त्योहारों के सीजन की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही मौसम ने अचानक करवट भी ले ली है। हल्दी हल्दी सर्दियां शुरू होते ही लोगों का मन कुछ मीठा खाने का करने लगा है। ऐसे में इस मौसम में दानेदार और सोंधा मूंग दाल हलवा भला किसे पसंद नहीं आएगा। मूंग दाल हलवा का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। ज्यादातर लोग बाजार से मूंग दाल का हलवा खरीदकर खाते हैं लेकिन अब बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है आप घर पर आसानी से मूंग दाल हलवा तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए दानेदार और मुंह में घुल जाने वाला मूंग दाल हलवा की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- मूंग दाल: 1 कप (धुली हुई)
- देशी घी: 1 कप
- चीनी: 1 कप
- खोया: आधा कप
- दूध या पानी: 2 से 2.5 कप
- काजू, बादाम और पिस्ता: बारीक कटे हुए
- इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- केसर के धागे: 10-12
बनाने का तरीका
दाल भिगोएं
सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह 2-3 बार धोकर 4 से 5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल का सारा पानी निकाल दें।
दरदरा पीसें
अब भीगी हुई दाल को बिना पानी डाले मिक्सी में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बारीक नहीं होना चाहिए, बल्कि हल्का दरदरा टेक्सचर होना चाहिए यही हलवे को बाजार जैसा दानेदार बनाता है।
घी में भूनें
इसके बाद एक भारी तले वाली कढ़ाई लें और उसमें आधा कप घी गर्म करें। फिर इसमें पिसी हुई मूंग दाल डालें। गैस की आंच को मध्यम से धीमा रखें और लगातार चलाते हुए दाल को भूनें। शुरुआत में दाल कढ़ाई से चिपकेगी, लेकिन जैसे-जैसे यह भुनेगी, घी छोड़ने लगेगी और इसका रंग सुनहरा भूरा हो जाएगा। इसमें लगभग 25-30 मिनट का समय लग सकता है।
चाशनी या दूध का मिश्रण तैयार करें
दूसरे बर्तन में दूध या पानी उबाल लें। इसमें चीनी और केसर के धागे मिला दें ताकि चीनी घुल जाए। जब दाल अच्छी तरह भून जाए और सोंधी खुशबू आने लगे, तब इस गर्म दूध-चीनी के मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके भुनी हुई दाल में डालें।
पकाएं और मावा मिलाएं
लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें। जब दाल सारा दूध और चाशनी सोख ले, तब इसमें मावा और बचा हुआ घी मिला दें। इसे तब तक पकाएं जब तक हलवा कढ़ाई छोड़ने न लगे और किनारे से घी अलग न हो जाए।
गार्निशि करें और सर्व करें
अंत में इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालकर अच्छी तरह मिला लें।
SOURCE : INDIATV NEWS



