Source :- LIVE HINDUSTAN
गणेश चतुर्थी आ रही है और ऐसे में भगवान गणेश को प्रसाद में मोदक चढ़ाए जाएंगे। अगर आप घर पर मोदक बनाने वाले हैं, तो ट्रेडिशनल उकड़ीचे मोदक बनाएं। कबिता सिंह ने उसकी आसान रेसिपी शेयर की है।
गणपति बप्पा मोरया…गणेश चतुर्थी का त्योहार आने वाला है और ये खास पर्व बिना मोदक के अधूरा माना जाता है। गणेश जी को मोदक काफी पसंद है और प्रसाद में यही चढ़ाया जाता है। अगर आप भी भगवान को चढ़ाने के लिए मोदक बाजार से खरीदने का सोच रही हैं, तो थोड़ा रुक जाइये। बाजार वाले महंगे मोदक खरीदने से अच्छा है कि आप घर पर झटपट बना लीजिए। मोदक बनाने में कोई रॉकेट साइंस नहीं है और आप सिर्फ 1 कप चावल से 21 मोदक बनाकर रख सकते हैं। अगर ज्यादा बनाने हैं तो चावल का रेशियो बढ़ा लीजिए। शेफ कबिता सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर ट्रेडिशनल उकड़ीचे मोदक बनाने की रेसिपी बताई है। उकड़ीचे मोदक भगवान गणेश के सबसे प्रिय माने जाते हैं और इसे पारंपरिक मिठाई भी माना जाता है।
उकड़ीचे मोदक के लिए सामग्री
मोदक की उकड़ के लिए
1 कप बारीक चावल का आटा
1¼ कप पानी
1 छोटा चम्मच घी
¼ छोटा चम्मच नमक
स्टफिंग के लिए
1 कप ताजा कसा हुआ नारियल
½ कप कद्दूकस किया हुआ गुड़
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 छोटा चम्मच घी
उकड़ीचे मोदक बनाने की विधि
1. सबसे पहले आपको उकड़ बनानी है। इसके लिए आप पैन में पानी, नमक और घी डालकर उबाल लें। उबाल आने पर चावल का आटा डालें और तुरंत अच्छी तरह मिलाएं। कलछी ऐसे चलाएं कि आटे में गुलठी न पड़े। फिर गैस बंद करके पैन को ढक दें और करीब 5 मिनट रहने दें।
2. चावल का आटा जब तक सेट होगा, तब तक आप स्टफिंग तैयार कर लीजिए। कड़ाही में घी गर्म करें और इसमें कसा हुआ नारियल डालकर भूनें। इसे तब तक भून लें जब तक नमी पूरी तरह से खत्म न हो जाए। साथ में इलायची पाउडर मिक्स करें और उसके बाद आपको इसमें कसा हुआ गुड़ का बुरादा डालकर मिलाना है। अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद है, तो गुड़ की मात्रा बढ़ा लें। अच्छे से मिलाने के बाद गैस बंद करें और स्टफिंग ठंडी होने दें।
3. इसके बाद आपको चावल का आटा गूंथना है। हाथों पर थोड़ा घी लगाकर उसे अच्छी तरह मसलते हुए नरम और चिकना आटा तैयार करें। आटा सूखने न दें, इसलिए इसे गीले कपड़े से ढककर रखें।
4. फिर आपको मोदक बनाने हैं। आप हाथों से मोदक बना सकते हैं या फिर उसका सांचा ले सकते हैं। सांचे पर घी लगाकर आटे की लोई को अंदर की ओर डालें और फिर स्टफिंग भरें। इसके बाद छोटा सा आटा लेते हुए उसे बंद कर दें। ऐसे आप सांचे से मोदक बना सकते हैं। हाथों से बनाना है तो छोटी सी लोई बेल लें और उस पर स्टफिंग भरें। फिर मोदक के आकार में हाथों से राउंड और नीचे से बंद करें।
5. इस तरह से आप 1 कप चावल के आटे से 21 छोटे-छोटे मोदक बनाकर तैयार कर सकते हैं। अगर आपको ज्यादा बनाने हैं, तो चावल का आटा 2 कप ले लीजिए। पारंपरिक उकड़ीचे मोदक बनाने की रेसिपी काफी सरल है, ट्राई जरूर करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



