Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत की बारानिका एलांगोवान ने एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में देश को पहला कांस्य दिलाया।
बारानिका एलांगोवान ने शुक्रवार को एशियाई खेलों में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। उनतीस वर्षीय बारानिका ने कजाखस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त कांस्य पदक जीता क्योंकि दोनों 4.15 मीटर की सर्वश्रेष्ठ ‘क्लियरेंस’ और 4.25 मीटर पर समान संख्या में असफल प्रयासों के साथ बराबरी पर रहीं। यह पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का अब तक का पहला पदक है।
जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण जीता जबकि चीन की चुंगे निउ ने 4.50 से रजत पदक हासिल किया। बारानिका का प्रयास उनके 4.23 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से कम था, लेकिन पोडियम स्थान हासिल करने के लिए काफी था।
राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था
इस साल मार्च में बारानिका ने भुवनेश्वर में राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की ऊंचाई पार करके नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने मई में ‘इंडियन इंडोर ओपन कंबाइंड इवेंट्स और पोल वॉल्ट’ प्रतियोगिता में अपने ही रिकॉर्ड को 4.23 मीटर तक बेहतर किया।
उन्होंने इस साल की 65वीं राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी 4.20 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता। तमिलनाडु की इस पोल वॉल्ट एथलीट को 2020 में चोट लगी थी और वह’रिहैबिलटेशन’ से गुजरने के बाद 2023 में भुवनेश्वर स्थित ‘रिलायंस फाउंडेशन हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ चली गईं थीं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



