Source :- LIVE HINDUSTAN
बालों में तेल लगाना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन अगर आप ये 5 गलतियां कर रहे हैं तो उल्टा नुकसान भी झेलना पड़ सकता है। अनजाने में ज्यादातर लोग ऐसे ही तेल लगाते हैं, जिस वजह से कोई फायदा नहीं होता, उल्टा बालों की ग्रोथ और हेल्थ पर नकारात्मक असर पड़ता है।
बालों को लंबा-घना और हेल्दी बनाए रखने के लिए कई लोग तेल लगाना पसंद करते हैं। ये इंडियन हेयर केयर रूटीन का हमेशा से बहुत अहम हिस्सा रहा है। एक्सपर्ट्स की मानें तो तेल लगाने से बालों की जड़ों को पोषण मिलता है, जिससे वो शाइनी और हेल्दी नजर आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बालों में तेल लगाने का गलत तरीका फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकता है? कई बार लोग तेल को गंदे बालों में लगा लेते हैं या जरूरत से ज्यादा लगा रहने देते हैं। इन आदतों से फायदा होने के बजाए स्कैल्प में जलन, खुजली, बाल टूटने और हेयरफॉल की समस्या बढ़ सकती है। कहीं आप तो हेयर ऑयलिंग से जुड़ी ये मिस्टेक्स नहीं दोहरा रहे? आइए जानते हैं-
बालों में तेल लगाते हुए ये 5 गलतियां तो नहीं कर रहे?
1) गंदे बालों में तेल लगाना
अगर स्कैल्प पर पहले से ही गंदगी, पसीना और डेड स्किन जमा है, तो बिना साफ किए बार-बार तेल लगाना सही नहीं है। इसके ऊपर तेल लगाने से गंदगी और ऑयल की परत बढ़ सकती है। इससे स्कैल्प में सूजन और हेयर फॉलिकल्स में जलन की समस्या हो सकती है। कुछ मामलों में फॉलिकुलाइटिस यानी बालों की जड़ों के आसपास सूजन का खतरा हो सकता है।
2) रातभर बालों में तेल लगाकर रखना
कई लोग रातभर तेल लगाकर छोड़ देते हैं, जो सही नहीं है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वेजिटेबल ऑयल में मौजूद फैट्स Malassezia नाम के यीस्ट को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। इसके असंतुलित होने पर डैंड्रफ, खुजली और सेबोरिक डर्मेटाइटिस की समस्या हो सकती है। इसलिए 2 घंटे से ज्यादा के लिए तेल लगाकर नहीं रखना चाहिए।
3) जोर-जोर से स्कैल्प रगड़ना
कुछ लोगों को लगता है कि बालों में जितना रगड़कर मसाज करेंगे, उतना ही फायदा होगा। जबकि होता इसका उल्टा है। तेज रगड़ने से बालों की जड़ों पर अनावश्यक दबाव पड़ता है, जिससे बाल कमजोर होते हैं और हेयरफॉल बढ़ सकता है। इसलिए तेल लगाते समय उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करें। नाखूनों से तेज-तेज रगड़ने से बचें।
4) तेल लगाने के तुरंत बाद कंघी करना
बालों में तेल लगाने के बाद तुरंत कंघी करना भी नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल बाल तेल के लिपिड्स को सोख लेते हैं, जिससे वो भारी हो जाते हैं। इन्हें कंघी से जोर-जोर खींचने पर उनपर तनाव बढ़ सकता है। इससे खासकर कमजोर और रेस्टिंग फेज में मौजूद बाल जड़ों से निकल सकते हैं।
5) तेल लगाने के बाद बालों को टाइट बांधना
तेल लगाने के तुरंत बाद बालों को कसकर जूड़े या चोटी में नहीं बांधना चाहिए। ऐसा करने से बालों पर लगातार दबाव पड़ता है, जिससे बाल जड़ों से कमजोर होने लगते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से ट्रैक्शन एलोपेसिया की समस्या हो सकती है।
बालों में तेल लगाने का सही तरीका क्या है?
बालों में रातभर तेल लगाकर छोड़ने के बजाए बाल धोने के लगभग आधा या एक घंटे पहले तेल अप्लाई करें। इतना समय तेल के जड़ों में पहुंचने के लिए पर्याप्त होता है। आप तेल को थोड़ा सा गुनगुना कर सकते हैं और हल्के हाथों से बालों की जड़ों में लगा सकते हैं। इससे बालों की कंडीशनिंग में मदद मिलती है और बाल नेचुरली शाइनी और हेल्दी होते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



