Source :- Khabar Indiatv
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक न्यायिक अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि “बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें”। यह मामला एक एसपी को अदालत के आदेश का पालन नहीं करने पर दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारी के कानून की समझ और उनके काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि संबंधित न्यायिक अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी भेजा जाना चाहिए।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की बेंच बिहार के न्यायिक अधिकारी की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। उन्होंने पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें एसपी पर जुर्माना लगाने के उनके फैसले पर रोक लगा दी गई थी।
कानून की समझ बेहद भयावह
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने न्यायिक अधिकारी की कानूनी समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी कानून की समझ बेहद भयावह है। उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 345 के दायरे को समझना जरूरी है। जस्टिस बागची ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अदालत में किसी को थप्पड़ मारता है, गाली-गलौज करता है या अदालत के निर्देश के बावजूद बाहर जाने से इनकार करता है, तो इसे अदालत के सामने किया गया अपराध माना जा सकता है। लेकिन प्राथमिकी दर्ज करने के अदालत के निर्देश का पालन नहीं करना उसी श्रेणी में नहीं आता।
जस्टिस बागची ने मौखिक टिप्पणी में कहा, “कानून की आपकी समझ से हम वास्तव में हैरान हैं। आपको पहले बीएनएसएस की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 के दायरे और व्यापकता को समझना चाहिए। यदि कोई किसी को थप्पड़ मारता है या अदालत में गाली-गलौज करता है, या निर्देश दिए जाने के बावजूद अदालत कक्ष से बाहर जाने से इनकार करता है, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध है। लेकिन यदि हम किसी को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देते हैं और वह ऐसा नहीं करता, तो यह अदालत के समक्ष किया गया अपराध नहीं है।” उन्होंने कहा, “कानून की आपकी समझ बेहद भयावह है। आपने इतना आक्रामक रुख भी अपनाया, अधीक्षक को फोन किया और उसी दिन उसे दोषी ठहरा दिया।”
अपने हाथ रोकिए, मर्यादा में रहें
जस्टिस बागची ने कहा, “जब आपने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया, उनकी अनुपस्थिति को अदालत के सामने किया गया अपराध माना और उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुनाई, तब क्या आप अपने अधिकार क्षेत्र और न्यायिक शक्तियों के दायरे में थे? आप भी अपने हाथ रोकिए। मर्यादा में रहें।” न्यायालय ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी भेजा जाना चाहिए। न्यायिक अधिकारी की पटना उच्च न्यायालय के उनके आदेश पर रोक लगाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) ने मौखिक रूप से कहा, “अपने मुवक्किल से न्यायिक शक्तियों का प्रयोग करते समय ‘बाहुबली’ की तरह व्यवहार करना बंद करने को कहें।”
क्या है मामला?
दरअसल, रोहतास के सासाराम स्थित जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-चतुर्थ ने 29 सितंबर, 2026 को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहतास को अदालत के आदेशों की जानबूझकर अवहेलना करने के मामले में दोषी ठहराया और उन पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया। उन्होंने बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को निर्देश दिया कि अदालत की टिप्पणियों को संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाए। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के प्रशिक्षण में व्यापक बदलाव करने को कहा, ताकि उसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के अधिक अनुरूप बनाया जा सके। पटना हाईकोर्ट ने इससे पहले रोहतास में तैनाती के दौरान एसपी पर अदालत की अवमानना के लिए एक रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश पर रोक लगा दी थी। सासाराम के एक अपर सत्र न्यायाधीश ने 29 सितंबर को अधिकारी को उस व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के अदालत के आदेश की अवहेलना करने का दोषी ठहराया, जिसने 2023 में निपटाए गए एक आपराधिक मामले में झूठी गवाही दी थी। (इनपुट-भाषा)
SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS




