Home LIFESTYLE NEWS HINDI बिना लहसुन-प्याज की इस 1 ग्रेवी से बन जाएंगी 100+ सब्जियां, हलवाई...

बिना लहसुन-प्याज की इस 1 ग्रेवी से बन जाएंगी 100+ सब्जियां, हलवाई वाला तरीका सीख लें

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर ये एक ग्रेवी आप सीख लें तो बिना लहसुन-प्याज के भी खाना टेस्टी बन सकता है। इस ग्रेवी से आप लगभग हर सब्जी बना सकते हैं और बेस्ट बात है कि इसे फ्रिज में दो महीनों तक स्टोर भी किया जा सकता है।

सिंपल खाना भी काफी टेस्टी लगता है, अगर ठीक तरह से बनाया जाए। कई लोगों को लगता है कि जब तक लहसुन-प्याज और खूब सारा मसाला पीसकर ग्रेवी नहीं बनाई जाएगी, तब तक सब्जी में स्वाद नहीं आता। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। बिना लहसुन-प्याज के भी काफी टेस्टी सब्जी बनती है। हलवाई भी अक्सर भंडारे वगैरह में बिना लहसुन-प्याज की सब्जी बनाते हैं और जैन घरों में भी सादा खाना खाया जाता है। दरअसल सारा टेस्ट छिपा है इसकी ग्रेवी में, जिसे अगर एक बार आप सीख लें तो कोई भी सब्जी बना सकते हैं। अगर किसी वजह से आप भी लहसुन प्याज नहीं खाना चाहते हैं तो ये ग्रेवी आपके खाने में जान डाल देगी। 100 से भी ज्यादा चीजें आप इस ऑल इन वन ग्रेवी से बना सकते हैं। आइए फटाफट जान लेते हैं इसे बनाना कैसे है-

बिना लहसुन-प्याज की ग्रेवी के लिए सामग्री

बिना लहसुन-प्याज की ग्रेवी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- तेल (4-5 चम्मच), तेज पत्ता (1), दही (आधा कप), लौंग (3-4), जावित्री (1), काली (बड़ी) इलायची (1), हरी इलायची (2), दालचीनी का एक टुकड़ा, जीरा (1 चम्मच), कटे हुए टमाटर (3-4), स्वादानुसार नमक, कटा हुआ अदरक (छोटा टुकड़ा), भिगोकर रखी हुई साबुत लाल मिर्च (3-4), हरा धनिया, भिगोकर रखे हुए काजू (1/4 कप), देसी घी (3 चम्मच), हल्दी पाउडर (1 चम्मच), कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पाउडर (2 चम्मच), हींग (1/4 चम्मच), कसूरी मेथी (1/4 चम्मच), अमचूर पाउडर (1 चम्मच), गुड का पाउडर (3 चम्मच)।

इस ग्रेवी से बिना लहसुन-प्याज टेस्टी बनेगी सब्जी

कोई भी सब्जी अगर आपको बिना लहसुन-प्याज के टेस्टी बनानी हैं, तो ये ग्रेवी तैयार कर के रख सकते हैं। इससे दो मिनट में आप 100 से भी ज्यादा सब्जियां बना सकते हैं। सबसे पहले एक पैन में 3-4 चम्मच तेल गर्म करें, साथ में दो चम्मच के करीब देसी घी भी डालें। जैसे ही तेल गर्म हो, उसमें जीरा, कुछ खड़े मसाले जैसे- तेज पत्ता, लौंग, जावित्री, बड़ी इलायची, हरी इलायची, दालचीनी का टुकड़ा और काली मिर्च डालकर खुशबू आने तक भून लें।

इसके बाद इसमें छोटे टुकड़ों में कटा हुआ अदरक एड करें, साथ में कुछ घंटों भिगोकर रखे हुए काजू और साबुत लाल मिर्च भी मिलाएं। इन्हें ढककर कुछ देर पकाएं। अब एक बाउल में ताजी दही लें और उसमें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इस मिक्सचर को ग्रेवी में मिलाएं और चलाते हुए तक तक पकाएं, जब ये मसाला तेल ना छोड़ दें।

अब इसमें मोटे कटे हुए टमाटर एड करें, साथ में स्वादानुसार नमक भी। इन्हें ढककर पकाएं, जबतक ये सॉफ्ट ना हो जाएं। इस मसाले को ठंडा कर लें, फिर मिक्सर में पीसकर एक पेस्ट तैयार कर लें। उसी पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और ग्रेवी को ढककर पका लें। बीच-बीच में चलाते रहें और ग्रेवी के तेल छोड़ने तक पका लें।

जैसे ही ग्रेवी तेल छोड़ने लगे, उसमें अमचूर पाउडर, गुड़ का पाउडर और क्रश कर ले थोड़ी सी कसूरी मेथी एड कर दें। अच्छे से मिक्स करें और 5 मिनट के लिए ढककर और पका लें। जब ग्रेवी पानी छोड़ने लगे तो समझ लें ये पूरी तरह तैयार है। अब इससे आप कोई भी सब्जी बना सकते हैं।

कितने दिन स्टोर कर सकते हैं ये ग्रेवी?

ये ग्रेवी अच्छी तरह पकाकर बनाई जाती है, इसलिए जल्दी खराब नहीं होती। अगर इसे आप फ्रिज में स्टोर कर के रखते हैं तो आराम से दो महीने तक भी ये खराब नहीं होगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN