Source :- LIVE HINDUSTAN
फ्राइम्स बनाने के लिए अक्सर ढेर सारा तेल इस्तेमाल होता है, जिस वजह से कई इन्हें खाना अवॉइड करते हैं। आज हम आपके साथ इन्हें बनाने के 3 ऐसे सिंपल तरीके शेयर कर रहे हैं, जिनमें ना तेल की जरूरत पड़ेगी ना ही रेत की।
फ्राइम्स बच्चों से ले कर बड़ों तक हर किसी के पसंदीदा स्नैक्स में से एक हैं। शाम की हल्की भूख में चाय के साथ कुरकुरे और रंग-बिरंगे फ्राइम्स खाने को मिल जाएं तो दिन बन जाता है। बच्चे भी अक्सर इन्हें तलने की जिद करते रहते हैं। हालांकि तेल में तले जाने की वजह से काफी ऑयल पी लेते हैं, जिस वजह से कई लोग इन्हें खाना अवॉइड करते हैं। ऐसे में आज हम आपके साथ कुछ तरीके शेयर कर रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना ऑयल के फ्राइम्स बना सकते हैं। इसके लिए आपको रेत की जरूरत नहीं पड़ेगी और यकीन मानिए ये एकदम क्रिस्पी और टेस्टी बनेंगे, जैसे तेल में फ्राई करने के बाद बनते हैं। यहां हम 3 तरीके शेयर कर रहे हैं, आप अपनी सहूलियत के हिसाब से कोई भी एक तरीका ट्राई कर सकते हैं।
तरीका 1: मोटे तले की कढ़ाही या कुकर में बनाएं फ्राइम्स
बिना तेल के फ्राइम्स बनाने का ये ट्रेडिशनल तरीका है। इसके लिए एक मोटे तले की कढ़ाही या कुकर को गैस पर चढ़ाएं और इसमें नमक की एक मोटी लेयर बिछा दें। मीडियम फ्लेम पर नमक को गर्म होने के लिए रख दें। जैसे ही नमक गर्म हो जाए, इसमें थोड़े-थोड़े फ्राइम्स डालकर भून लें। जिस तरह ये तेल में फूलते हैं, उसी तरह नमक में भी फूलकर बड़े और क्रिस्पी होने लगेंगे। तैयार होने के बाद इन्हें नमक से अलग कर लें। बिना तेल या रेत के आपके कुरकुरे फ्राइम्स बनकर रेडी हो जाएंगे।
काम की टिप: फ्राइम्स बनाने के लिए इस्तेमाल किया हुआ नमक आप कई बार दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए इसे फेंकने के बजाए किसी कंटेनर में स्टोर कर के रख लें।
तरीका 2: एयर फ्रायर में बनाएं कुरकुरे फ्राइम्स
अगर आपके घर एयर फ्रायर है, तब तो काम और भी आसान हो जाएगा। एयर फ्रायर में ये एकदम क्रंची और परफेक्ट बनते हैं। इसके लिए सबसे पहले फ्राइम्स को एक बाउल में डालें। अब इनमें दो चम्मच के करीब तेल डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें, ताकि सारे फ्राइम्स ऑयल में कोट हो जाएं। इन्हें एयर फ्रायर में सिंगल लेयर में स्प्रेड कर दें और 3-4 मिनट के लिए एयर फ्राई होने दें। बिल्कुल परफेक्ट फ्राइम्स बनेंगे। जैसा टेक्चर ऑयल में तलने पर आता है, सेम वैसा ही टेक्सचर आएगा।
काम की टिप: आप अगर ऑयल पूरी तरह स्किप करना चाहते हैं, तो वो भी कर सकते हैं। बिना तेल के भी बिल्कुल क्रंची और परफेक्ट फ्राइम्स बनते हैं। ऑयल डालने से बस इनका टेक्चर थोड़ा अच्छा आता है।
तरीका 3: माइक्रोवेव में परफेक्ट बनेंगे फ्राइम्स
माइक्रोवेव की मदद से तो महज 1-2 मिनट में ही क्रंची फ्राइम्स रेडी हो जाएंगे। आप चाहें तो इनपर थोड़ा सा ऑयल लगा सकते हैं या पूरी तरह स्किप कर सकते हैं। फिर इन्हें माइक्रोवेव की प्लेट पर डायरेक्ट रख दें और 1 से 2 मिनट के लिए कुक होने दें। बिना ऑयल के फ्राइम्स बनकर तैयार हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





