Home Latest news ताज़ा खबर बुलेट बाइक की मांग न पूरी होने पर दूल्हे ने शादी से...

बुलेट बाइक की मांग न पूरी होने पर दूल्हे ने शादी से किया इन्कार, दुल्हन पक्ष ने SP से लगाई न्याय की गुहार

4
0

Source :- INDIATV NEWS

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक सनसनी फैलाने वाला मामला सामने आया, जंहा दहेज की मांग ने एक बार फिर एक बेटी की शादी तोड़ दी। बुलेट बाइक न मिलने पर दूल्हा पक्ष ने तिलक से ठीक चार दिन पहले शादी से इन्कार कर दिया। इससे दुल्हन पक्ष में कोहराम मच गया। पहले स्प्लेंडर की मांग की गई थी, जिसे पूरा करने के लिए लड़की पक्ष ने अपाचे बाइक खरीदी, लेकिन इसके बाद भी बात नहीं बनी। अब पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

मामला फतेहपुर जिले का है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी मलवां थाना क्षेत्र के बकौली गांव निवासी विक्रम सिंह पुत्र रामबाबू के साथ तय हुई थी। 1 फरवरी 2026 को दोनों परिवारों के बीच गोदभराई और बरीक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान दूल्हा पक्ष ने कथित तौर पर साफ कहा था कि उन्हें दहेज में कुछ नहीं चाहिए और लड़की के माता-पिता अपनी बेटी को अपनी इच्छा से जो देना चाहें, दे सकते हैं।

परिवार का कहना है कि इस रस्म में रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाया गया था। टेंट और बुफे की व्यवस्था की गई थी। मेहमानों के स्वागत-सत्कार के साथ दूल्हा पक्ष की ओर से आए लोगों को मान-सम्मान और दान-दक्षिणा भी दी गई थी। उस समय तक शादी की तैयारियां सामान्य तरीके से चल रही थीं।

स्प्लेंडर की मांग के बाद बुलेट पर अड़ा दूल्हा पक्ष

लड़की पक्ष का आरोप है कि गोदभराई के बाद तिलक की तैयारियों के दौरान दूल्हा पक्ष ने हीरो स्प्लेंडर बाइक की मांग रख दी। परिवार ने रिश्ते को बचाने और शादी में कोई अड़चन न आए, इसके लिए धनतेरस के दिन स्प्लेंडर की जगह अपाचे बाइक खरीदकर दे दी। लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद दूल्हा पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और अब बुलेट बाइक देने की जिद करने लगा।

तिलक से चार दिन पहले फोन पर तोड़ा रिश्ता

पीड़ित परिवार के मुताबिक, 22 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम होना था, लेकिन इससे ठीक चार दिन पहले यानी 18 नवंबर को दूल्हा पक्ष ने फोन कर शादी से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में लड़की को लेकर गलत बातें कही गईं, लेकिन बाद में बुलेट बाइक नहीं देने को शादी तोड़ने की वजह बताया गया।

दुल्हन के परिजनों का कहना है कि शादी के लिए कपड़े, गहने, जेवर, मिठाइयां और अन्य जरूरी सामान खरीदा जा चुका था। गोदभराई समेत दूसरी रस्मों पर करीब ढाई से तीन लाख रुपये खर्च हो चुके थे। ऐसे में ऐन मौके पर रिश्ता टूटने से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक और मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

दूल्हे समेत परिवार के कई लोगों पर लगाए आरोप

पीड़ित पक्ष ने दूल्हे विक्रम सिंह, उसके पिता रामबाबू, मां सुनीता, कमालीपुर निवासी जीजा मदन सिंह और ननद पर दहेज में बुलेट की मांग को लेकर शादी तुड़वाने का आरोप लगाया है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

(रिपोर्ट: उमेश चन्द्रा)

यह भी पढ़ें:

गाजियाबाद में मकान कब्जाने को लेकर बवाल, महिलाओं से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, वीडियो आया सामने

फतेहपुर में खौफनाक हादसा, पानी से भरी खंती में पलटा ट्रैक्टर, दबकर दो मजदूरों की मौत

SOURCE : INDIATV NEWS