Home rss world hindi भरी दोपहरी सपना देख रहे शहबाज शरीफ, कर्ज के बीच बोले- PAK...

भरी दोपहरी सपना देख रहे शहबाज शरीफ, कर्ज के बीच बोले- PAK बनेगा छठवीं बड़ी इकॉनॉमी

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कर्ज के बीच अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान 2050 तक दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। शहबाज का यह दावा ऐसे समय में आया है, जब इस्लामाबाद IMF से अगली कर्ज किस्त की उम्मीद कर रहा है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक बार फिर अपनी जनता के लिए नया शिगूफा लेकर आए हैं। कर्ज के दलदल से जूझ रहे पाकिस्तान को वह दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने गोल्डमैन सैक्स की एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान 2075 तक दुनिया की छठवीं अर्थव्यवस्था बन सकता है। शहबाज शरीफ का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था बुरे दौर से गुजर रही है, और वह IMF से लगभग 1.2 अरब डॉलर का नया कर्ज मिलने का इंतजार कर रहा है।

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सम्मेलन के दौरान शहबाज शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान जल्द से जल्द दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। पाकिस्तानी पीएम ने कहा, “गोल्डमैन सैक्स के अनुमान के मुताबिक पाकिस्तान 2075 तक छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। लेकिन मैं इसमें थोड़ा सुधार करना चाहूंगा। उम्मीद है कि पाकिस्तान 2050 से पहले ही इस मुकाम पर पहुंच जाएगा।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की तरफ से यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप प्रशासन और सऊदी अरब के साथ समझौते से उसे आर्थिक क्षेत्र में बेहतरी की उम्मीद है। पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में भी सुधार हुआ है। हालांकि, कर्ज लेकर चलने वाली अर्थव्यवस्था लगातार आईएमएफ का मुंह ताक रही है। ऐसे में शहबाज सरकार अब पाकिस्तान के टायकून्स की तरफ देख रही है।

निवेशकों से पाकिस्तान में कारखाने लगाने की अपील कर रहे शहबाज

पाकिस्तानी रेडियो के मुताबिक शहबाज शरीफ सरकार ने पाकिस्तान के निवेशकों को देश में कारखाने और रिफाइनरी लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि उद्योगपति देश में ऐसे कारखाने लगाएं जो अयस्क को इलेक्ट्रिकल कंडक्टर में बदल सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान में ही खनन करें, यहीं पर रिफाइन करें इसके बाद अपने उत्पादों को वैश्विक मार्केट में निर्यात करें।

बलूचिस्तान में और खनन करने के प्रयास में पाकिस्तान

पाकिस्तान में ज्यादातर खनन बलूचिस्तान क्षेत्र में ही होता है। शुरुआत से पाकिस्तान इस क्षेत्र से खनन करता रहा है। शहबाज शरीफ ने इस क्षेत्र में मौजूद दुनिया के सबसे बड़े और अविकसित तांबे और सोने के भंडारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बलूचिस्तान के रेको डिक से 2028 तक उत्पादन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN