Source :- LIVE HINDUSTAN
भारत में बादाम खूब खाया जाता है और इसे लोग रोस्ट या भिगोकर खाते हैं लेकिन एक रिपोर्ट के मुताबिक बादाम खाने में भारत पहले स्थान पर नहीं है। इस रैंकिंग में कोई और देश पहले नंबर पर है। आइये जानते हैं किस देश में ज्यादा बादाम खाए जाते हैं।
भारत में बादाम खूब खाए जाते हैं, फिर चाहे भिगोकर खाए जाए या रोस्टेड। इसके अलावा बादाम दूध, खीर, सीवई, हलवा जैसी चीजों में भी डालकर लोग खाते हैं। ऐसा माना जाता है कि भारत में बादाम काफी ज्यादा खाया जाता है लेकिन असल में ऐसा है नहीं। जी हां, दुनिया में सबसे ज्यादा बादाम खाने के मामले में भारत नहीं बल्कि कोई और देश नंबर वन पर है। भारत तीसरे नंबर पर है। आइये जानते हैं आखिर बादाम खाने के मामले में कौन सा देश सबसे आगे हैं और बादाम कैसे फायदेमंद है और 1 दिन में कितने खाने चाहिए।
भारत नहीं फिर कौन सा देश है आगे?
रिपोर्ट के मुताबिक, बादाम की सबसे ज्यादा खपत अमेरिका में होती है। अमेरिका में लोग हर चीज जैसे बेकरी प्रोडक्ट्स, चॉकलेट, मिठाइयों, सीरियल्स और दूध में बादाम का इस्तेमाल करते हैं और ऐसे भी खाते हैं। अमेरिका के बाद स्पेन में सबसे ज्यादा बादाम खाए जाते हैं और तीसरे नंबर पर भारत में इसकी खपत होती है। ये आंकड़ा अभी का है और अलग महीने या साल के हिसाब से बदल सकता है।
बादाम में क्या पाया जाता है?
बादाम पोषक तत्वों से भरपूर ड्राई फ्रूट है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन E, मैग्नीशियम, कैल्शियम और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व मांसपेशियों, हड्डियों और दिल की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। बादाम में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर करता है, जबकि विटामिन E शरीर के सेल्स को नुकसान से बचाने में मदद करता है।
बादाम खाने का सरल तरीका क्या है
बादाम खाने का सबसे आसान तरीका है इन्हें सीधे या रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाना। आप चाहें तो रात में 5-6 बादाम पानी में भिगो दें और सुबह इन्हें खा सकते हैं। बादाम को बिना भिगोए भी खाना फायदेमंद है। इन्हें नाश्ते में, दूध के साथ या ओट्स और दलिया में मिलाकर भी खाया जा सकता है। बादाम को अच्छी तरह चबाकर खाएं और अपनी डाइट में इसकी मात्रा बैलेंस रखें।
1 दिन में कितने बादाम खाने चाहिए
जवान लोग रोजाना लगभग 15-20 ग्राम बादाम खा सकते हैं, जबकि बच्चों को उनकी उम्र और खानपान के अनुसार कम मात्रा में बादाम देना चाहिए। छोटे बच्चों को बादाम साबुत देने से बचें, क्योंकि इससे गले में अटकने का खतरा हो सकता है। बुजुर्ग भी आमतौर पर रोजाना 5-10 ग्राम बादाम से शुरुआत कर सकते हैं। अगर चबाने में परेशानी हो, तो बादाम को बारीक पीसकर या पेस्ट बनाकर खाया जा सकता है या दूध में घोलकर पिएं। बता दें कि ज्यादा बादाम खाना भी नुकसानदायक होता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


