Home Latest news ताज़ा खबर मंच पर हनुमान बने कलाकार की अचानक मौत, रामायण का सीन करते-करते...

मंच पर हनुमान बने कलाकार की अचानक मौत, रामायण का सीन करते-करते गिर पड़े मिथुन प्रधान; अधूरी रह गई प्रस्तुति

3
0

Source :- Khabar Indiatv

ओडिशा के गंजाम जिले में रामायण नाटक के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंच पर हनुमान का किरदार निभा रहे 35 वर्षीय कलाकार मिथुन प्रधान की अचानक गिरने से मौत हो गई। वह कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित रामायण नाटक में प्रस्तुति दे रहे थे। अचानक मंच पर गिरने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से उत्सव का माहौल मातम में बदल गया और नाटक की प्रस्तुति बीच में ही रोकनी पड़ी।

हनुमान का किरदार निभाते-निभाते दुनिया छोड़ गए मिथुन

यह घटना मंगलवार रात पाटापुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव की है। गांव में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर ग्रामीणों ने रामायण नाटक का आयोजन किया था। मिथुन प्रधान इसी नाटक में हनुमान की भूमिका निभा रहे थे। इससे पहले वह रामायण के एक अन्य महत्वपूर्ण पात्र बाली का किरदार भी निभा चुके थे।

मंच पर अचानक गिरे, अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत

नाटक की प्रस्तुति के दौरान मिथुन प्रधान अचानक मंच पर गिर पड़े। उन्हें इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें अदापाड़ा के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों को आशंका है कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पाटापुर थाने के प्रभारी दीप्ति रंजन बेहरा ने बताया कि पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है और न ही कोई मामला दर्ज किया गया है।

हनुमान और बाली के किरदार से बनाई थी पहचान

मिथुन प्रधान गांव के लोकप्रिय रंगमंच कलाकार होने के साथ-साथ अपने थिएटर ग्रुप के प्रबंधक भी थे। वह रामायण के नाटकों में अपने अभिनय और अनोखे करतबों के लिए जाने जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वह बैलगाड़ी का पहिया उठाने और दांतों से मोटरसाइकिल उठाने जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाते थे। उनका थिएटर ग्रुप गंजाम और आसपास के जिलों में काफी लोकप्रिय था।

35 साल के कलाकार की मौत से गांव में मातम

अभिनय के अलावा मिथुन प्रधान पेशे से छोटे कारोबारी भी थे और गांव में नाश्ते की दुकान चलाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार, ग्रामीणों और साथी कलाकारों को गहरा सदमा पहुंचा है। जिस मंच पर कुछ देर पहले तक जय श्रीराम के जयकारे और तालियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

इससे पहले हाल ही में यूपी के ग्रेटर नोएडा में महिला सब इंस्पेक्टर का बाथरूम में शव मिला था। मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

गुरुग्राम के होटल में UK से लौटे इंजीनियर की संदिग्ध मौत, बाथटब में मिला शव; हादसा, हार्ट अटैक या कुछ और?

SOURCE : - KHABAR INDIA NEWS