Source :- INDIATV NEWS

देशभर में अमूल दूध के उपभोक्ताओं को अब दूध खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने अमूल के ताजा पैक दूध की कीमतों में करीब 4 से 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से देशभर के प्रमुख बाजारों में लागू होंगी।
कंपनी के मुताबिक, अमूल के सबसे ज्यादा बिकने वाले वेरिएंट अमूल ताजा टोंड मिल्क (3 प्रतिशत फैट) की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। यह करीब 3.3 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, अमूल गोल्ड (6 प्रतिशत फैट) की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है, जो लगभग 5.5 प्रतिशत की वृद्धि है।
उत्पादन लागत बढ़ने से लिया फैसला
GCMMF के अनुसार, दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का मुख्य कारण उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार इजाफा होना है। पिछले एक साल के दौरान हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले तेल खली, मक्का और शीरे जैसे कच्चे माल की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत भी बढ़ी है।
कंपनी ने बताया कि गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण पशुपालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में दूध उत्पादक किसानों को बेहतर कीमत देना जरूरी हो गया है। इससे पहले, मदर डेयरी दूध के दाम में भी 2-4 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी हुई है। नए दाम गुरुवार यानी 12 नवंबर से लागू होंगे।
किसानों को मिलेगा बढ़ी हुई कीमत का लाभ
अमूल के मुताबिक, पिछले एक साल में सदस्य दुग्ध संघों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। अब किसानों को और बेहतर भुगतान करने के उद्देश्य से दूध की खुदरा कीमतों में संशोधन किया गया है।
GCMMF ने यह भी बताया कि अमूल के सहकारी ढांचे के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा देश के 36 लाख दुग्ध उत्पादकों को वापस किया जाता है। दूध की बिक्री कीमत में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा भी किसानों तक पहुंचेगा। कंपनी का कहना है कि इस कदम से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सहायता मिलेगी और उन्हें दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलता रहेगा।
ये भी पढ़ें-
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, मॉर्निंग वॉक के दौरान हुए बेहोश; AIIMS में भर्ती
SOURCE : INDIATV NEWS




