Home National news hindi मदुरई जिले में दीपथून विवाद फिर गरमाया, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के...

मदुरई जिले में दीपथून विवाद फिर गरमाया, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं जला दीप

3
0

Source :- NEWSTRACK LIVE

यह पूरा विवाद तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून की प्रकृति, धार्मिक परंपरा और उस स्थान पर अधिकार को लेकर है। हिंदू पक्ष का दावा है कि दीपथून मंदिर से संबंधित है और वहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं, इसी पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया की दरगाह के निकट होने के कारण मुस्लिम पक्ष इस स्थान पर दीप जलाने का विरोध करता रहा है। इस विवाद में जमीन के अधिकार और धार्मिक गतिविधियों को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं।​

हर साल की तरह उचिपिल्लैयार दीप मंडपम में पारंपरिक दीप जलाया गया।

Highlights

  • सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को 24 नवंबर के दिन दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी।
  • मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद प्रशासन ने दीपथून पर दीप नहीं जलाया।
  • भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार तथा प्रशासन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं करने का आरोप लगाया।

तमिलनाडु के मदुरई जिले में स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीप जलाने को लेकर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। मंगलवार, 24 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट की अनुमति और मद्रास हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय हर साल की तरह उचिपिल्लैयार दीप मंडपम में ही पारंपरिक दीप जलाया गया। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और दीपथून पर दीप जलाने की मांग कर रहे लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

दरअसल, 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश जारी करते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट ने साफ किया था कि यह अनुमति केवल एक बार के लिए होगी और इससे किसी पक्ष का मालिकाना हक, धार्मिक परंपरा या भविष्य में वहां पूजा करने का स्थायी अधिकार साबित नहीं होगा। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम ही जिला प्रशासन, पुलिस और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के समन्वय से वहां दीप जलाने वाली थी। आम लोगों को इस टीम के साथ जाने, जुलूस निकालने या वहां भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं थी।

हालांकि, तमिलनाडु सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE) ने 21 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर इस आदेश पर रोक लगाने की मांग की थी। सरकार की ओर से विवादित स्थान पर दीप जलाने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई थी। लेकिन 24 नवंबर को मद्रास हाईकोर्ट की मदुरई बेंच ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। जस्टिस जी.आर. स्वामीनाथन और जस्टिस एम.डी. सुमति की पीठ ने जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने का निर्देश दिया। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पुनर्विचार याचिका लंबित होने का मतलब यह नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया जाए। कोर्ट ने प्रतिबंधात्मक आदेशों के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का निर्देश भी दिया।

त्योहार से पहले प्रशासन ने मदुरई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए थे। इनके तहत सार्वजनिक सभाओं, प्रदर्शनों, जुलूसों और बिना अनुमति पहाड़ी पर चढ़ने पर रोक लगाई गई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने वाली गतिविधियों को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पहाड़ी और आसपास के इलाकों को 23 और 24 नवंबर के लिए ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया था।

इस दौरान पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और हिंदू संगठनों से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को तिरुनेलवेली में उस समय नजरबंद किया गया, जब वे तिरुपरनकुंद्रम जाने की तैयारी में थे। मद्रास हाईकोर्ट ने हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का निर्देश दिया था। भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार तथा प्रशासन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं करने का आरोप लगाया।

यह पूरा विवाद तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून की प्रकृति, धार्मिक परंपरा और उस स्थान पर अधिकार को लेकर है। हिंदू पक्ष का दावा है कि दीपथून मंदिर से संबंधित है और वहां कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं, इसी पहाड़ी पर स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया की दरगाह के निकट होने के कारण मुस्लिम पक्ष इस स्थान पर दीप जलाने का विरोध करता रहा है। इस विवाद में जमीन के अधिकार और धार्मिक गतिविधियों को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे हैं।​

ताजा घटनाक्रम में, मदुरई के जिला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून में कार्तिगई दीपम जलाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां कर ली थीं। हालांकि, वहां दीप नहीं जलाया जा सका, क्योंकि मंदिर देवस्थानम के ट्रस्टी बोर्ड ने दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी। उनका तर्क था कि दीप केवल उसी जगह जलाया जा सकता है जहां पारंपरिक रूप से जलाया जाता रहा है, यानी उचिपिल्लैयार मंडपम में।

<![CDATA[<![CDATA[]]]]>]]>

रिलेटेड टॉपिक्स

<![CDATA[<![CDATA[]]]]>]]>

SOURCE : NEWSTRACK