Source :- INDIATV NEWS

ठंड के दिनों में लोग बाजरा और मक्के के आटे से बनी तरह-तरह की डिश खाते हैं। अगर आपको मक्के का स्वाद पसंद है तो राजस्थान में खाई जाने वाली मक्की की बाटी जरूर ट्राई करें। मक्की की मसाला बाटी खाने में बहुत टेस्टी लगती है। इसे घी और गरमा-गरम कढ़ी के साथ परोसा जाता है। एक बार आपने ये मक्की की बाटी खा ली तो इसे बार-बार बनाएंगे। इसे बनाना भी आसान है। आइये जानते हैं मक्की की बाटी की रेसिपी।
बाटी बनाने के लिए सामग्री
- दो कप मक्के का आटा
- 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया
- 1/4 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच सौंफ
- 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1/4 छोटा चम्मच हींग
- 1 छोटा चम्मच पापड़ खार
- 1-2 बड़े चम्मच हरा धनिया
- 1 बड़ा चम्मच देसी घी
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के हिसाब से पानी
बाटी के लिए आलू का मसाला कैसे बनाएं
- 1 छोटा चम्मच तेल
- 1/4 छोटा चम्मच हींग
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा
- 1/4 कप हरी मटर
- 1 उबला हुआ आलू
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच धनिया
- 1 छोटा चम्मच कटा हुआ हरा धनिया
- 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- स्वादानुसार नमक
मक्की की बाटी बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले बाटी का आटा तैयार करना है। इसके लिए बड़े बर्तन में मक्के का आटा लें। इसमें नमक, कुटा हुआ साबुत धनिया, जीरा, सौंफ, कसूरी मेथी, बारीक कटी हरी मिर्च, हींग, पापड़ खार, हरा धनिया और देसी घी डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए अच्छी तरह आटा गूंथ लें। आटे को कुछ देर तक अच्छी तरह मसलकर गूंथें और एक तरफ रख दें।
दूसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें हींग और जीरा डालें। इसके बाद हरी मटर, उबला हुआ आलू, कटी हरी मिर्च, धनिया, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इसमें कटा हुआ हरा धनिया मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें। इसे 2-3 मिनट तक पकाएं। आपका आलू का मसाला तैयार है।
तीसरा स्टेप- अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें हाथों से थोड़ा चपटा करें और बीच में तैयार आलू का मसाला भर दें। किनारों को अच्छी तरह बंद करके बाटी का आकार दें।
चौथा स्टेप- सबसे पहले तैयार बाटियों को 10 मिनट तक भाप में पकाएं। इसके बाद इन्हें धीमी आंच पर लगभग 15-20 मिनट तक सेंकें। बाटियों को बीच-बीच में पलटते रहें, ताकि ये चारों तरफ से अच्छी तरह पककर सुनहरी और कुरकुरी हो जाएं।
तैयार राजस्थानी मसाला मक्की की बाटी पर ऊपर से देसी घी डालें और इसे गरमा-गरम कढ़ी के साथ परोसें। सर्दियों में इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
SOURCE : INDIATV NEWS




