Home rss business hindi महंगे पेट्रोल-डीजल से ‘कराह’ रहे अमेरिकी, राज्यों ने शुरू की टैक्स राहत

महंगे पेट्रोल-डीजल से ‘कराह’ रहे अमेरिकी, राज्यों ने शुरू की टैक्स राहत

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगाई की मार से अमेरिका के आम लोग कराह रहे हैं
  • दूसरी ओर फ्यूल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है

ईरान युद्ध के कारण तेल की कीमतों में लगी आग में छोटे देश तो जल ही रहे हैं, अमेरिका जैसा देश भी झुलस रहा है। पेट्रोल-डीजल और गैस की महंगाई की मार से अमेरिका के आम लोग कराह रहे हैं। दूसरी ओर फ्यूल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें ईरान युद्ध के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में कई राज्यों ने लोगों को राहत देने के लिए गैस टैक्स में अस्थायी कटौती या छूट शुरू की है। नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले ईंधन की किफायती कीमतें मतदाताओं के लिए अहम मुद्दा बन गई हैं।

ओहायो में 90 दिन की गैस टैक्स छुट्टी

AP के मुताबिक ओहायो में सांसदों ने दोनों दलों के समर्थन से 90 दिन की गैस टैक्स छुट्टी को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत इस साल के बाकी महीनों में राज्य का पेट्रोल टैक्स 38.5 सेंट और डीजल टैक्स 47 सेंट प्रति गैलन सस्पेंड रहेगा। राज्य सरकार सड़क और पुलों के रखरखाव के लिए जनरल फंड से करीब 725 मिलियन डॉलर खर्च करेगी, ताकि फ्यूल टैक्स से होने वाली आय की भरपाई की जा सके।

पेट्रोल 4.43 डॉलर प्रति गैलन, डीजल 6.41 डॉलर

बुधवार को अमेरिका में सामान्य पेट्रोल की औसत कीमत 4.43 डॉलर प्रति गैलन रही। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद इसमें करीब 50 फीसदी की वृद्धि हुई है। वहीं डीजल की औसत कीमत 6.41 डॉलर प्रति गैलन रही, जो पिछले सप्ताह के रिकॉर्ड स्तर से कुछ ही सेंट नीचे है। बता दें एक गैलन में 3.785 लीटर हो तो है। इस हिसाब से अमेरिका में पेट्रोल 1.17 डॉलर प्रति लीटर है और पेट्रोल 1.79 डॉलर।

कई राज्यों में पहले से मिल रही टैक्स राहत

ओहायो अकेला राज्य नहीं है। जॉर्जिया ने मार्च में मिडिल ईस्ट संघर्ष के बाद ईंधन की कीमतें बढ़ने पर टैक्स सस्पेंड किया था। बाद में इसे बढ़ाया गया और हाल में 30 दिन का नया मोटर फ्यूल टैक्स हॉलिडे शुरू किया गया।

इंडियाना में भी फ्यूल टैक्स राहत कई बार बढ़ाई गई है और मौजूदा छूट 5 अक्टूबर तक जारी है। यूटा में छह महीने के लिए फ्यूल टैक्स में 6 सेंट प्रति गैलन की कटौती की गई है। इलिनॉय और केंटकी ने भी प्रस्तावित ईंधन टैक्स बढ़ोतरी को टाल दिया है।

किसानों के लिए डीजल टैक्स नियमों में ढील

अलाबामा, अर्कांसस, लुइसियाना, मिसौरी, नेब्रास्का, नॉर्थ कैरोलाइना, नॉर्थ डकोटा, ओकलाहोमा और टेक्सास में किसानों को राहत देने के लिए डीजल टैक्स नियमों में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

इन राज्यों में आम तौर पर टैक्स-फ्री डाइड डीजल का इस्तेमाल ट्रैक्टर, लॉगिंग मशीन और सिंचाई पंप जैसी ऑफ-रोड मशीनों के लिए होता है। लेकिन फसल कटाई के मौसम में कुछ राज्यों ने इसके इस्तेमाल के नियमों में अस्थायी ढील दी है, जिससे इसे हाईवे पर चलने वाले वाहनों में भी इस्तेमाल किया जा सके।

कैलिफोर्निया में सस्ते फ्यूल ब्लेंड का रास्ता साफ

कैलिफोर्निया ने भी पेट्रोल की कीमत कम करने के लिए समर-ब्लेंड ईंधन की अनिवार्यता में ढील दी है। राज्य के कई हिस्सों में आम तौर पर 31 अक्टूबर तक समर-ब्लेंड पेट्रोल जरूरी होता है। गवर्नर गेविन न्यूसम ने सोमवार को यह शर्त खत्म कर दी।

चुनावी राजनीति के बीच गैस टैक्स पर जोर

ओहायो में गैस टैक्स हॉलीडे का मुद्दा राज्य के आगामी गवर्नर चुनाव से भी जुड़ गया है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने पिछले सप्ताह गैस टैक्स छुट्टी की मांग की थी। इसके कुछ घंटों बाद रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने भी इसी तरह की योजना का ऐलान किया। दोनों उम्मीदवार मौजूदा गवर्नर माइक डीवाइन की जगह लेने के लिए चुनाव मैदान में हैं।

डेमोक्रेट्स ने रामास्वामी पर एक्टन के प्रस्ताव का श्रेय लेने का आरोप लगाया, जबकि उनके समर्थकों ने दोनों योजनाओं के बीच अंतर बताया। ओहायो के कुछ डेमोक्रेटिक नेताओं ने इस कदम को चुनावी साल का राजनीतिक प्रयास बताया है।

टैक्स घटने का फायदा तुरंत पंप पर नहीं दिखेगा

राज्यों की टैक्स राहत का मतलब यह नहीं है कि अगले ही दिन पेट्रोल पंप पर उतनी ही राशि कम हो जाएगी। ईंधन की कीमत अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के दाम, थोक कीमत, परिवहन, स्टॉक और स्थानीय बाजार समेत कई कारकों पर निर्भर करती है।

इसके अलावा ईंधन टैक्स अक्सर थोक स्तर पर लागू होता है। इसलिए टैक्स हटने के समय किसी रिटेलर के पास पहले से टैक्स देकर खरीदा गया ईंधन मौजूद हो सकता है। नया बिना टैक्स वाला स्टॉक आने के बाद ही कीमत में उसका पूरा असर दिखाई दे सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN