Source :- LIVE HINDUSTAN
Samsung Galaxy S26 Ultra समेत Galaxy S26 सीरीज की कीमत बढ़ने की घोषणा की जा सकती है। साउथ कोरिया में करीब 149,600 वॉन की बढ़त पर विचार हो रहा है, लेकिन भारत में कीमत बढ़ाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
साउथ कोरियन टेक कंपनी Samsung का फ्लैगशिप फोन Galaxy S26 Ultra खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों के लिए बुरी खबर सामने आई है। कंपनी मौजूदा Galaxy S26 सीरीज की कीमतें बढ़ा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण कोरिया में Galaxy S26, Galaxy S26+ और Galaxy S26 Ultra की कीमत करीब 149,600 वॉन यानी लगभग 110-111 डॉलर बढ़ सकती है। यह बढ़ोतरी 1 अक्टूबर से लागू होने की संभावना जताई गई है, हालांकि अभी Samsung ने इसे मंजूरी नहीं दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Samsung ने कीमतों में बदलाव की संभावना का इंटरन रिव्यू शुरू किया है। कंपनी की चिंता बढ़ती कॉम्पोनेंट लागत को लेकर है। खासतौर पर मेमोरी चिप्स की कीमतों में तेज उछाल स्मार्टफोन कंपनियों के लिए बड़ा दबाव बन गया है। Samsung ने कथित तौर पर यह भी साफ किया है कि अभी कीमत बढ़ाने का कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
ऐपल का फैसला हो सकता है जिम्मेदार
संभावित कीमत बढ़ोतरी को ऐपल के हाल ही में लिए गए फैसले से भी जोड़कर देखा जा रहा है। 9 सितंबर को नए iPhone लॉन्च के बाद ऐपल ने कई पुराने मॉडल्स की कीमतें बढ़ा दीं। कंपनी ने iPhone 17, iPhone Air, iPhone 17e और iPhone 16 की कीमतों में बदलाव किया। वहीं नए iPhone 18 Pro मॉडल्स भी पिछली जेनरेशन की तुलना में महंगे आए हैं।
दरअसल, स्मार्टफोन इंडस्ट्री इस समय मेमोरी चिप्स की बढ़ती कीमतों से जूझ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी तिमाही में स्मार्टफोन मेमोरी की लागत पिछली तिमाही के मुकाबले 80 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी। कुछ रिपोर्ट्स में पिछले साल इसी पीरियड के मुकाबले यह बढ़ोतरी करीब 300 प्रतिशत तक बताई गई है। बढ़ती AI डिमांड के चलते डेटा सेंटर और सर्वर के लिए मेमोरी की डिमांड भी बढ़ी है, जिससे मोबाइल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ रहा है।
भारत में कीमत बढ़ने की कोई पुष्टि नहीं
भारत की बात करें तो Galaxy S26 Ultra का लॉन्च प्राइस 139,999 रुपये था। Samsung India की वेबसाइट पर भी 256GB मॉडल की कीमत 139,999 रुपये दिखाई गई है, हालांकि मार्केट में ऑफर्स के चलते इफेक्टिव सेल प्राइस इससे कम हो सकता है।
फिलहाल भारत में Galaxy S26 Ultra की कीमत बढ़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। साउथ कोरिया में अगर Samsung कीमत बढ़ाता है, तो दूसरे मार्केट्स में भी कीमतों के रिव्यू की संभावना बढ़ सकती है। हालांकि भारत में कितनी बढ़ोतरी होगी या होगी भी या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी और इंतजार करना चाहिए।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




