Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि के सातवे दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। कहते हैं कि इस दिन मां को गुड़ से बनी चीजों का भोग लगाना चाहिए। ऐसे में हम आपके लिए एक ऐसी बर्फी की रेसिपी लेकर आए हैं जिसे गुड़ के साथ बनाया जा सकता है। सिखिए आसान रेसिपी।
नवरात्रि के नौ दिनों में देवी के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। आज यानी 17 अक्टूबर को नवरात्रि का सातवा दिन है और इस दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। मां की पूजा के दौरान माता को भोग अर्पित करना भी श्रद्धा का जरूरी हिस्सा है। कहते हैं मां कालरात्रि को गुड़ या गुड़ से बनी चीजें बहुत प्रिय हैं। ऐसे में आप अगर आप भी सप्तमी के दिन घर पर प्रसाद तैयार करना चाहते हैं, तो बेसन-गुड़ बर्फी का भोग तैयार करें। इसे बनाना काफी आसान है और ये घर पर मौजूद चीजों से तैयार भी हो जाती हैं। सीखिए माता रानी को भोग लगाने के लिए कैसे बनाएं बर्फी।
बेसन-गुड़ बर्फी बनाने के लिए सामग्री
-आधा कप गेहूं का आटा
-आधा कप बेसन
-3 से 4 बड़े चम्मच घी
-1 कप कटा हुआ गुड़
-1/4 कप काजू का पाउडर
-आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-2 से 3 बड़े चम्मच दूध
-सजावट के लिए कटे हुए काजू और बादाम
-सजावट के लिए चांदी का वर्क
बेसन-गुड़ बर्फी बनाने की विधि
- इस बर्फी को बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में घी गरम करें और उसमें गेहूं का आटा और बेसन डालें। धीमी से मीडियम आंच पर, लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक कि अच्छी खुशबू न आने लगे और मिक्स सुनहरा भूरा न हो जाए।
- जब बेसन और आटा अच्छी तरह से भुन जाए तो इसमें कटा हुआ गुड़ डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसे तब तक मिक्स करें जब तक कि गुड़ पूरी तरह से पिघल न जाए। जब गुड़ पिघल जाए तो इसमें काजू का पाउडर और इलायची पाउडर डालें और सब कुछ अच्छी तरह मिला लें।
- अब इसमें 2 से 3 बड़े चम्मच दूध डालें और लगातार चलाते हुए कुछ और मिनट तक पकाएं, जब तक कि मिश्रण गाढ़ा होकर एक साथ न जुड़ने लगे।
- जब ये एक साथ मिक्स हो जाए तो घी लगी हुई एक ट्रे पर इसे निकालें और समान रूप से फैला दें। फिर इसके ऊपर से चांदी का वर्क, कटे हुए काजू और बादाम लगाकर सजाएं।
- इसे 20 से 30 मिनट के लिए फ्रिज में रखें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए, फिर अपनी पसंद के आकार में काट लें।
- टेस्टी ‘गुड़ की बर्फी’ मां कालरात्रि को भोग लगाने के लिए तैयार है।
काम आएंगी ये टिप्स
1) बेसन और आटे को सही मात्रा में लेना बहुत जरूरी है। हमने दोनों चीजों को बराबर मात्रा में रखा है। आप चाहें तो 1 कप बेसन में आधा कप गेहूं का आटा भी डाल सकते हैं। इससे स्वाद और बनावट दोनों अच्छे आते हैं।
2) भूनने के लिए पहले घी गर्म करें, फिर बेसन और आटा डालें। लगातार चलाते हुए सुनहरा होने और अच्छी खुशबू आने तक भूनें। कच्चापन बिल्कुल नहीं रहना चाहिए।
3) शुरुआत में पर्याप्त घी डालें और जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा बढ़ाएं। बस ध्यान रखें कि मिक्स भुनने पर मुलायम और खुशबूदार होना चाहिए।
4) गुड़ को सही तरह से डालना जरूरी है। इसके लिए कद्दूकस या बारीक काट लें। बेसन-आटे का मिक्स भुनने के बाद गैस बंद करें और थोड़ा ठंडा होने दें, फिर गुड़ मिलाएं। इससे गुड़ के जलने का चांस कम होता है।
5) गुड़ डालने का सही तापमान रखें। मिक्स बहुत गर्म होगा तो गुड़ पिघलकर घी अलग कर सकता है, बहुत ठंडा होगा तो गुड़ अच्छी तरह नहीं मिलेगा। इसलिए ध्यान रखें कि मिक्स गर्म हो लेकिन उबलता हुआ न हो।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



